सीएम सोमवार को जबलपुर से 1.27 करोड़ लाड़ली बहनों के खातों में जून माह की 1551.44 करोड़ रुपये की किस्त ट्रांसफर करेंगे।

मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत 1.27 करोड़ बहनों के लिए एक और राहत भरी खबर है। इस योजना की 25वीं किस्त सोमवार, 16 जून को जारी की जाएगी। हर लाभार्थी बहन के खाते में ₹1250 की राशि सीधे ट्रांसफर की जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जबलपुर जिले के बरगी में आयोजित विशेष कार्यक्रम के माध्यम से इस राशि का सिंगल क्लिक से अंतरण करेंगे। इसके तहत कुल ₹1551.44 करोड़ की राशि अंतरित की जाएगी। साथ ही 27 लाख से अधिक बहनों को गैस सिलेंडर रिफिलिंग के लिए ₹39.14 करोड़ की राशि भी प्रदान की जाएगी।
पेंशन, संबल और विकास योजनाओं के भी होंगे लाभ
इस अवसर पर मुख्यमंत्री सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत 56.68 लाख पेंशन हितग्राहियों के खातों में ₹341 करोड़ की राशि भेजेंगे। संबल योजना के अंतर्गत 6821 श्रमिक परिवारों को ₹150 करोड़ की अनुग्रह राशि प्रदान की जाएगी। कार्यक्रम के दौरान सीएम यादव विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण, भूमि-पूजन और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को हितलाभ भी वितरित करेंगे। यह कार्यक्रम न केवल आर्थिक सहायता देने का जरिया है, बल्कि विकास और जनसेवा की दिशा में एक मजबूत कदम भी है।
हर महीने 1250 की मदद से मजबूत हो रहीं लाड़ली बहनें
लाड़ली बहना योजना, जो मई 2023 में तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की सरकार द्वारा शुरू की गई थी, आज मध्यप्रदेश की लाखों महिलाओं की जिंदगी को संवार रही है। इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना और उनके जीवन स्तर को बेहतर करना है। शुरुआत में महिलाओं को ₹1000 प्रतिमाह दिए गए, लेकिन रक्षाबंधन 2023 के अवसर पर इसे बढ़ाकर ₹1250 कर दिया गया। अब महिलाओं को सालाना ₹15,000 की सीधी आर्थिक मदद मिल रही है। जून 2023 से मई 2025 तक 24 किश्तों में अब तक 28,000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि प्रदेश की बहनों को दी जा चुकी है।
जानिए पात्रता और कैसे चेक करें अपना नाम
इस योजना के तहत 1 जनवरी 1963 से लेकर 1 जनवरी 2000 के बीच जन्मी, 21 से 60 वर्ष की विवाहित महिलाएं, जो मध्यप्रदेश की निवासी हों, आवेदन के लिए पात्र हैं। विधवा, तलाकशुदा और परित्यक्ता महिलाएं भी इस योजना में शामिल हैं। हालांकि जिनके परिवार में कोई टैक्सदाता, सरकारी नौकरी में व्यक्ति, या जिनके पास चार पहिया वाहन या 5 एकड़ से अधिक भूमि है, वे इसमें पात्र नहीं हैं। लाभार्थी महिला अपना नाम और भुगतान स्थिति लाड़ली बहना योजना की वेबसाइट पर जाकर आसानी से चेक कर सकती हैं। समग्र आईडी या आवेदन नंबर डालकर, ओटीपी वेरिफिकेशन के बाद भुगतान की स्थिति स्क्रीन पर दिख जाती है, जिससे महिलाएं यह जान सकती हैं कि पैसा आया है या नहीं।


