मध्य प्रदेश के सीहोर स्थित कुबेरेश्वर धाम में 14 फरवरी से 20 फरवरी तक रुद्राक्ष महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त शिव महापुराण कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा जी के सान्निध्य में होने वाले इस महोत्सव की विशेष बात यह है कि इस वर्ष इसे पर्यावरण संरक्षण की थीम पर ‘ग्रीन शिवरात्रि’ के रूप में मनाया जाएगा। महाशिवरात्रि के अवसर पर देश-विदेश में एक करोड़ पौधरोपण का लक्ष्य रखा गया है। इस आयोजन में सीहोर में 10 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन और रेलवे द्वारा विशेष तैयारियां की गई हैं। सीहोर के लिए विशेष ट्रेनों की व्यवस्था की गई है, वहीं सुरक्षा को और सुदृढ़ करते हुए पूरे परिसर में 256 हाई-टेक सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। कुबेरेश्वर धाम से रेलवे स्टेशन तक डेढ़ दर्जन से अधिक अस्थायी अस्पताल और चिकित्सा केंद्र बनाए जाएंगे, ताकि किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तुरंत सहायता मिल सके।

आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कुबेरेश्वर धाम में श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है। 1 लाख 80 हजार स्क्वायर फीट के विशाल पक्के पंडाल में एक साथ करीब डेढ़ लाख श्रद्धालु बैठ सकेंगे। मात्र 5 रुपए में 1 लीटर पानी की बोतल उपलब्ध कराई जाएगी, वहीं 10 एकड़ में फैली विशाल भोजनशाला में श्रद्धालुओं के लिए भोजन की व्यवस्था की गई है। आयोजन समिति का उद्देश्य है कि प्रत्येक भक्त को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और आध्यात्मिक अनुभव प्राप्त हो।


