दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज दिल्ली सचिवालय में देश के प्रमुख सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और डिजिटल क्रिएटर्स के साथ एक विशेष बैठक की। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य दिल्ली के विकास में डिजिटल क्रिएटर्स की भूमिका पर चर्चा करना और उन्हें जनहित से जुड़े अभियानों में शामिल करना था। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि सोशल मीडिया केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि यह समाज में जागरूकता फैलाने और सकारात्मक बदलाव लाने का एक प्रभावी साधन बन चुका है।
जागरूकता अभियानों में भागीदारी का आह्वान
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने डिजिटल क्रिएटर्स से अपील की कि वे युवा सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वच्छता जैसे अहम विषयों पर जागरूकता बढ़ाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि दिल्ली के विकास में सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स की भागीदारी महत्वपूर्ण हो सकती है। मुख्यमंत्री ने क्रिएटर्स को सक्रिय भूमिका निभाने के लिए आमंत्रित किया, ताकि जागरूकता, सकारात्मकता और सामाजिक सुधार के प्रयासों को गति दी जा सके।

सोशल मीडिया की ताकत को बताया बदलाव का माध्यम
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया की ताकत को रेखांकित करते हुए कहा कि डिजिटल मीडिया ने हर नागरिक को अपनी आवाज़ उठाने का मंच दिया है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर लाखों लोगों तक अपनी बात पहुंचाने में सक्षम हैं, इसलिए यदि वे सही और सकारात्मक संदेशों का प्रचार करें, तो यह समाज और सरकार दोनों के लिए फायदेमंद होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि कई सरकारी योजनाएं और नीतियां आम जनता तक पूरी तरह नहीं पहुंच पाती हैं, लेकिन सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के माध्यम से इन्हें घर-घर तक आसानी से पहुंचाया जा सकता है।

‘विकसित दिल्ली’ अभियान में क्रिएटर्स की सक्रिय भूमिका
मुख्यमंत्री गुप्ता ने डिजिटल क्रिएटर्स को “विकसित दिल्ली” अभियान में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि क्रिएटर्स शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण और स्वास्थ्य जैसे विषयों पर जागरूकता फैलाकर दिल्ली के विकास में अहम भूमिका निभा सकते हैं। इस बैठक में उपस्थित डिजिटल क्रिएटर्स ने भी सामाजिक मुद्दों पर जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया और सरकार के प्रयासों को जनता तक पहुंचाने में अपना योगदान देने की बात कही।
युवा सशक्तिकरण को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस बैठक को युवा सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार सोशल मीडिया के सकारात्मक उपयोग को प्रोत्साहित करने के लिए आगे भी ऐसे संवाद आयोजित करती रहेगी। सरकार जल्द ही एक डिजिटल इनिशिएटिव लॉन्च करने की योजना बना रही है, जिसमें सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर को सरकारी अभियानों से जोड़ा जाएगा। इस पहल के माध्यम से युवाओं को अपनी रचनात्मकता और प्रभाव का उपयोग समाजहित में करने का बेहतरीन अवसर मिलेगा।



