
ख़बर छत्तीसगढ़ से जहां उप मुख्यमंत्री अरुण साव लगातार फील्ड में उतरकर विकास कार्यों के जमीनी हालात का निरीक्षण किया। वह इस बार मुंगेली जिले पहुंचे और वहां विकास कार्यों का जायजा लेते हुए कई निर्देश भी दिए।
अब ख़बर पढ़ें विस्तार से
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने गुरूवार को मुंगेली जिले पहुंचकर विकास कार्यों के जमीनी हालात का जायजा लिया। उन्होंने मुंगेली जिले के लोरमी नगर पालिका के तुलसाघाट वार्ड में बने सीसी रोड का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने सड़क की गुणवत्ता को लेकर लोगों से चर्चा कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। अरुण साव ने वार्ड में 14 लाख रुपए की लागत से बनने वाले सड़क का भूमिपूजन भी किया। वहां 80 लाख रुपए के विभिन्न विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने तुलसाघाटवासियों की मांग पर मनियारी नदी पर पुल बनाने का भी आश्वासन दिया। उन्होंने लोरमी नगर पालिका के वार्ड-15 में बन रहे सतनाम भवन का जायजा लेकर अधिकारियों को समय पर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा, उप मुख्यमंत्री अपने लोरमी प्रवास के दौरान सरस्वती शिशु मंदिर पूर्व माध्यमिक शाला झाफल के वार्षिकोत्सव में शामिल हुए। उन्होंने वहां सांस्कृतिक मंच का लोकार्पण भी किया। उन्होंने सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल के लिए 10 लाख रुपए और झाफल गंगा नगर में नवधा रामायण मंच निर्माण के लिए 5 लाख रुपए देने की घोषणा की। इसके अलावा, उप मुख्यमंत्री दशरथलाल अमरीका बाई आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय बंधवा में युवा सम्मान एवं वार्षिकोत्सव में भी शामिल हुए। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं में चयनित प्रतिभाशाली युवाओं को सम्मानित कर बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कार्यक्रम में एकलव्य स्कूल से दशरथलाल स्कूल तक सीसी रोड निर्माण एवं स्वेच्छानुदान से राशि देने की घोषणा भी की।
उप मुख्यमंत्री ने कही ये बड़ी बातें
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने लोरमी हाईस्कूल मैदान में 44 लाख रुपए के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। उन्होंने कहा कि लोरमी हाईस्कूल में 25 लाख रुपए से अधिक की लागत से बाउंड्रीवाल का निर्माण किया जाएगा। शहर के खिलाड़ियों की सुविधा के लिए 19 लाख रुपए की लागत से अच्छी रोशनी की व्यवस्था की जाएगी। लाइट लगने से मैदान में रात में भी विविध धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन हो सकेंगे। उन्होंने बताया कि राज्य शासन ने लोरमी शहर के विकास के लिए पिछले एक साल में ही 53 करोड़ रुपए मंजूर किए हैं।


