नागपुर हिंसा मामले में गुरुवार को चौंकाने वाला खुलासा हुआ जब जांच के दौरान बांग्लादेशी कनेक्शन सामने आया। सोशल मीडिया पर एक यूजर ने धमकी भरा पोस्ट किया था जिसमें कहा गया कि सोमवार की घटना सिर्फ शुरुआत थी और आगे इससे भी बड़े दंगे होंगे। इस धमकी के बाद साइबर सेल ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 34 सोशल मीडिया अकाउंट्स को निशाना बनाया और 10 FIR दर्ज की गईं।
मास्टरमाइंड फहीम समेत 84 गिरफ्तार
हिंसा भड़काने के आरोप में पुलिस ने मास्टरमाइंड फहीम शमीम खान समेत 84 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें से 19 आरोपियों को 21 मार्च तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया है। फहीम पर 500 से अधिक लोगों को इकट्ठा कर हिंसा भड़काने का आरोप है। इस मामले में आठ विश्व हिंदू परिषद (VHP) कार्यकर्ताओं की भी गिरफ्तारी हुई है।
दंगाइयों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
महाराष्ट्र के गृह राज्य मंत्री योगेश कदम ने चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर भ्रामक वीडियो फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि दंगाइयों ने पुलिस पर हमला कर कानून व्यवस्था को चुनौती दी है और उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। सोमवार की हिंसा में 33 पुलिसकर्मी घायल हुए थे, जिनमें तीन DCP रैंक के अधिकारी भी शामिल हैं।

फहीम खान ने भड़काऊ वीडियो एडिट कर किया वायरल
नागपुर हिंसा के मास्टरमाइंड फहीम खान की साजिश का खुलासा हुआ है। साइबर डीसीपी लोहित माटानी ने बताया कि फहीम ने औरंगजेब के खिलाफ हुए प्रदर्शन का वीडियो एडिट कर सोशल मीडिया पर वायरल किया था। इस एडिटेड वीडियो में भड़काऊ सामग्री डाली गई, जिससे सांप्रदायिक तनाव बढ़ा और हिंसा भड़क उठी। इसके अलावा, फहीम पर आरोप है कि उसने हिंसात्मक वीडियो को जानबूझकर बढ़ावा दिया ताकि हालात और बिगड़ें।
औरंगजेब की प्रतीकात्मक कब्र जलाने से शुरू हुआ बवाल
सोमवार को नागपुर में विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने प्रदर्शन के दौरान गोबर के कंडों से भरा एक हरे रंग का कपड़ा जलाया था, जिसे उन्होंने औरंगजेब की प्रतीकात्मक कब्र बताया। इस घटना का वीडियो वायरल होते ही माहल इलाके में हिंसा भड़क गई। शाम 7:30 बजे उपद्रवियों ने घरों पर पथराव किया और सड़क पर खड़ी गाड़ियों में तोड़फोड़ व आगजनी की। हिंसा के दौरान DCP निकेतन कदम कुल्हाड़ी के हमले में घायल हो गए। पुलिस ने हालात पर काबू पाने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े और रात 10:30 बजे से 11:30 बजे के बीच हंसपुरी इलाके में भी झड़प हुई।



