मुंबई से न्यूयॉर्क जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI-119 में बम की धमकी के बाद हड़कंप मच गया। फ्लाइट ने रात 1:43 बजे मुंबई एयरपोर्ट के टर्मिनल-2 से उड़ान भरी थी, लेकिन 8 घंटे 37 मिनट की यात्रा के बाद इसे सुरक्षा कारणों से मुंबई लौटा दिया गया। विमान में 19 क्रू मेंबर्स समेत 322 यात्री सवार थे।
टॉयलेट में मिली धमकी भरी चिट्ठी
फ्लाइट के वॉशरूम में एक नोट मिला, जिसमें बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए फ्लाइट को तुरंत मुंबई एयरपोर्ट पर वापस लाया गया, जहां विमान सुबह 10:25 बजे सुरक्षित लैंड हुआ। सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच में जुट गई हैं, ताकि खतरे का सही आकलन किया जा सके।
यात्रियों को दी गई सुविधाएं, फ्लाइट रिशेड्यूल
एअर इंडिया ने यात्रियों को होटल आवास, भोजन और अन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई है। एयरलाइन ने बयान में कहा कि फ्लाइट को अब 11 मार्च सुबह 5 बजे के लिए रिशेड्यूल कर दिया गया है। एयरलाइन ने यात्रियों की सुरक्षा को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि उनकी टीम लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

शौचालयों में खराबी के कारण वापस लौटी शिकागो-दिल्ली फ्लाइट
6 मार्च को शिकागो से दिल्ली जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट को तकनीकी खराबी के चलते उड़ान के 5 घंटे बाद वापस शिकागो लौटना पड़ा। फ्लाइट ग्रीनलैंड के ऊपर थी, जब विमान के 12 में से 11 शौचालयों में खराबी आ गई। करीब 300 यात्रियों के लिए केवल एक शौचालय चालू रह गया, जो बिजनेस क्लास में था। इस असुविधा को देखते हुए पायलट ने फ्लाइट को शिकागो के ओ’हारे इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर वापस लाने का फैसला लिया।
यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई
एअर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए समय पर वैकल्पिक व्यवस्था की गई। एयरलाइन ने यात्रियों को हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया और कहा कि उनकी टीम यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देती है।



