प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बागेश्वर धाम में बालाजी कैंसर इंस्टीट्यूट एंड रिसर्च सेंटर का डिजिटल शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कुछ नेता ऐसे हैं जो धर्म और परंपराओं का मजाक उड़ाते हैं। उन्होंने सनातन संस्कृति और मंदिरों पर हो रहे हमलों का जिक्र करते हुए कहा कि विदेशी ताकतें भी ऐसे लोगों का समर्थन करती हैं। इस दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने पीएम मोदी को बालाजी का विग्रह, सनातन धर्म पर लिखी पुस्तक और स्मृति चिह्न भेंट किया।
मंदिर केवल पूजा ही नहीं, सामाजिक चेतना के भी केंद्र
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत के मंदिर केवल आस्था के केंद्र नहीं हैं, बल्कि ये सामाजिक चेतना और सेवा का भी माध्यम रहे हैं। ऋषियों द्वारा दिए गए योग और आयुर्वेद के ज्ञान का आज पूरी दुनिया लोहा मान रही है। उन्होंने महाकुंभ की चर्चा करते हुए कहा कि भारत की आस्था और परंपराएं लाखों वर्षों से चली आ रही हैं और इन्हें तोड़ने के प्रयास विफल होते रहे हैं। इसी कड़ी में बागेश्वर धाम अब आरोग्य का केंद्र बनने जा रहा है।

बुंदेलखंड को मिलेगा विश्वस्तरीय कैंसर अस्पताल
पीएम मोदी ने बताया कि बालाजी कैंसर इंस्टीट्यूट 10 एकड़ में बनेगा और पहले चरण में 100 बेड की सुविधा शुरू होगी। उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री और बुंदेलखंड की जनता को इस पहल के लिए बधाई दी। मोदी ने कहा कि सरकार सबका साथ, सबका विकास के मंत्र पर काम कर रही है और सभी को उत्तम स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

आयुष्मान भारत योजना से गरीबों को राहत
प्रधानमंत्री ने कहा कि 2014 से पहले गरीब बीमारी से कम और उसके इलाज के खर्च से ज्यादा डरता था। लेकिन अब आयुष्मान भारत योजना के तहत पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज दिया जा रहा है। उन्होंने संत-महात्माओं से भी आग्रह किया कि वे आयुष्मान कार्ड बनवा लें ताकि जरूरत पड़ने पर सरकार उनकी सेवा कर सके।
कैंसर से लड़ाई के लिए बड़ी घोषणाएं
पीएम मोदी ने कहा कि सरकार कैंसर की दवाइयों को सस्ता करने के लिए कदम उठा रही है और अगले तीन वर्षों में देश के हर जिले में कैंसर डे-केयर सेंटर खोले जाएंगे। इसके अलावा, 14,000 से ज्यादा जन औषधि केंद्र खोले गए हैं, जिससे सस्ती दवाइयां उपलब्ध हो रही हैं। उन्होंने कहा कि गांव-गांव में किडनी और कैंसर जैसी बीमारियों का इलाज पहुंचाने के लिए सरकार डायलिसिस केंद्र और मेडिकल सुविधाएं बढ़ा रही है।



