मध्यप्रदेश सरकार की ‘लाड़ली बहना योजना’ के तहत करोड़ों महिलाओं को जल्द ही 22वीं किस्त का तोहफा मिलने वाला है। खबरों के मुताबिक, यह राशि 10 मार्च से पहले बहनों के खातों में ट्रांसफर की जा सकती है। होली (14 मार्च) और महिला दिवस (8 मार्च) को ध्यान में रखते हुए, सरकार त्योहार से पहले ही इस सहायता राशि को जारी कर सकती है, ताकि बहनों को किसी भी आर्थिक समस्या का सामना न करना पड़े। हालांकि, आधिकारिक तारीख की अभी पुष्टि नहीं हुई है।

त्योहारों से पहले कई बार जारी हुई है राशि
मध्यप्रदेश सरकार पहले भी त्योहारों और विशेष अवसरों पर लाड़ली बहना योजना की किस्त तय समय से पहले जारी कर चुकी है। उदाहरण के तौर पर, पिछले साल महाशिवरात्रि को ध्यान में रखते हुए 1 मार्च को 10वीं किस्त भेजी गई थी। इसी तरह, चैत्र नवरात्रि और गुड़ी पड़वा के अवसर पर 5 अप्रैल को 11वीं किस्त जारी हुई थी। सरकार की इसी नीति को देखते हुए उम्मीद की जा रही है कि इस बार भी होली और महिला दिवस से पहले 22वीं किस्त बहनों के खातों में आ सकती है।
अधिकारिक घोषणा का इंतजार, लेकिन उम्मीदें मजबूत
भले ही सरकार की ओर से अभी तक 22वीं किस्त की तारीख को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन बीते वर्षों की रणनीति को देखते हुए यह संभावना जताई जा रही है कि 10 मार्च तक यह राशि ट्रांसफर की जा सकती है। सरकार का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और त्योहारों पर उन्हें राहत पहुंचाना है। सभी बहनों को सलाह दी जाती है कि वे अपने बैंक खातों पर नजर बनाए रखें और जल्द ही आने वाली किस्त का लाभ उठाएं।
10 फरवरी को मिली थी 21वीं किस्त, 1.27 करोड़ बहनों को मिला लाभ
लाड़ली बहना योजना के तहत 10 फरवरी 2025 को मुख्यमंत्री मोहन यादव ने 1.27 करोड़ बहनों के खातों में 21वीं किस्त की राशि ट्रांसफर की थी। देवास के सोनकच्छ से आयोजित कार्यक्रम में सीएम ने बहनों को 1553 करोड़ रुपए की सौगात दी थी। इसके साथ ही, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत 56 लाख हितग्राहियों के खातों में 337 करोड़ रुपए भी ट्रांसफर किए गए थे। इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।
![]()
मोहन यादव 15वीं बार बहनों को देंगे सौगात
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने पहली बार 10 जनवरी 2024 को 1.29 करोड़ लाड़ली बहनों के खातों में 1576.61 करोड़ रुपए सिंगल क्लिक से ट्रांसफर किए थे। इसके बाद हर महीने बहनों को यह आर्थिक सहायता दी गई। मार्च 2025 में मोहन सरकार 15वीं बार बहनों को यह तोहफा देने जा रही है। यह योजना महिलाओं की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में बड़ी भूमिका निभा रही है।
शिवराज सरकार के समय शुरू हुई थी योजना
लाड़ली बहना योजना की शुरुआत शिवराज सिंह चौहान सरकार ने मई 2023 में की थी। पहले इसमें 21 से 60 वर्ष की विवाहित महिलाओं को हर महीने 1000 रुपए दिए जाते थे। 10 जून 2023 को पहली किस्त जारी की गई थी। रक्षाबंधन 2023 पर राशि बढ़ाकर 1250 रुपए प्रति माह कर दी गई, जिससे महिलाओं को सालाना 15,000 रुपए मिलने लगे। इसके अलावा, अगस्त 2023 और 2024 में सरकार ने 250 रुपए अतिरिक्त दिए थे, जिससे महिलाओं को त्योहारों के समय अतिरिक्त आर्थिक सहायता मिली।


