मध्य प्रदेश में बाढ़ से हालात बिगड़े, जीतू पटवारी बोले—सरकार गायब है, जनता भगवान भरोसे; रेस्क्यू, राहत और स्वास्थ्य सेवाओं का भारी अभाव।

मध्य प्रदेश में भारी बारिश और बाढ़ ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। राजधानी भोपाल से लेकर आदिवासी और ग्रामीण क्षेत्रों तक हालात बेहद खराब हैं। पन्ना, कटनी, दमोह, छतरपुर, सागर और सतना जैसे जिलों में घरों-दुकानों में पानी घुस गया है, लोग ऊँचे स्थानों पर शरण लेने को मजबूर हैं। पश्चिमी और मध्य क्षेत्र के जिलों में सड़कें-पुल डूब जाने से संपर्क टूट गया है, वहीं ओरछा-झांसी मार्ग पर यातायात ठप हो गया है।
“जनता भगवान भरोसे, सरकार नदारद” – जीतू पटवारी
मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश में बाढ़ से बिगड़े हालात को लेकर सरकार की निष्क्रियता पर तीखा सवाल उठाया है। उन्होंने कहा कि भोपाल जैसे शहर में जब मरीजों को खटिया पर लादकर लाना पड़ रहा है, तो सुदूर ग्रामीण और आदिवासी अंचलों में हालात और भी भयावह होंगे। उन्होंने ग्राम प्रेमपुरा की तस्वीरें साझा कर बताया कि अधूरे पुल और कीचड़ भरे रास्तों ने सरकार के विकास के दावों की पोल खोल दी है। पटवारी ने सरकार से सवाल किया कि आपदा की इस घड़ी में प्रशासन और राहत तंत्र आखिर कहाँ है?
बाढ़ से त्रस्त प्रदेश, प्रशासन नदारद
प्रदेश में हालात दिन-ब-दिन गंभीर होते जा रहे हैं। 100 से ज्यादा सड़कें और 30 छोटे पुल जलमग्न हो चुके हैं, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है। न तो रेस्क्यू टीमें समय पर पहुँच रही हैं, न ही हेल्पलाइन से मदद मिल रही है। जलभराव और गंदगी से संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ गया है, लेकिन ग्रामीण इलाकों में मेडिकल टीमें मौजूद नहीं हैं। किसानों की हजारों एकड़ फसलें पानी में डूब गई हैं, और पशुधन का भारी नुकसान हुआ है।
“सरकार विज्ञापनों में, जनता पानी में” – जीतू पटवारी
जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि प्रदेश आज बाढ़ के साथ-साथ सरकारी अव्यवस्था की भी चपेट में है। उन्होंने कहा कि 23 जिलों में बाढ़ का खतरा है, लेकिन सरकार कहीं नजर नहीं आ रही। राहत शिविर, मेडिकल कैंप और बचाव सामग्री का घोर अभाव है। पटवारी ने सरकार से माँग की कि तत्काल सभी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किए जाएँ, ड्रोन सर्वे कर फंसे लोगों को निकाला जाए और किसानों को मुआवज़ा दिया जाए। उन्होंने प्रदेशवासियों से एकजुट होकर इस संकट से लड़ने की अपील की और कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता हर ज़रूरतमंद के साथ खड़े हैं।


