राजधानी दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीटों पर मतदान जारी है। करीब 1.56 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर 699 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। नतीजों की घोषणा 8 फरवरी को होगी।
AAP, BJP और कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला
तीसरी बार सत्ता बचाने की कोशिश में आम आदमी पार्टी जुटी हुई है, वहीं बीजेपी 25 साल के वनवास को खत्म करने के लिए चुनावी मैदान में है। कांग्रेस, जो 15 साल सत्ता में रह चुकी है, वापसी की कोशिश कर रही है।
दिल्ली में कड़ी सुरक्षा, ड्रोन से रखी जा रही नजर
13,766 पोलिंग बूथों पर अर्धसैनिक बलों की 220 कंपनियां, 35,626 दिल्ली पुलिस के जवान और 19,000 होमगार्ड तैनात हैं। 3,000 से अधिक मतदान केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया गया है और ड्रोन से निगरानी रखी जा रही है।

सीलमपुर में हंगामा, भाजपा ने AAP पर लगाया फर्जी वोटिंग का आरोप
बीजेपी ने आम आदमी पार्टी पर फर्जी वोटिंग कराने का आरोप लगाया है। सीलमपुर में इस मुद्दे को लेकर हंगामा हुआ, जिसके बाद वहां सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
दिल्ली में मतदान जोरों पर, दोपहर 1 बजे तक 34% मतदान दर्ज
दिल्ली विधानसभा चुनाव में मतदाताओं का उत्साह बढ़ता जा रहा है। राजधानी की 70 विधानसभा सीटों पर सुबह 7 बजे से वोटिंग जारी है, और दोपहर 1 बजे तक 34% मतदान दर्ज किया गया है। मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें देखी जा रही हैं, जहां युवा, बुजुर्ग और महिलाएं बढ़-चढ़कर भाग ले रही हैं। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी समेत कई बड़े नेताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। बीजेपी, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने चुनाव प्रचार के अंतिम क्षणों तक पूरा जोर लगाया, रैलियों, रोड शो और डोर-टू-डोर कैंपेन के जरिए मतदाताओं तक पहुंचने की कोशिश की। पूरे चुनाव में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, जिसमें 13,766 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं, जो 2,696 लोकेशनों पर स्थित हैं।



