दिल्ली की नई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शपथ लेने के मात्र दो दिन बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके आवास पर मुलाकात की। इस मुलाकात में दोनों नेताओं के बीच दिल्ली के विकास से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। 20 फरवरी को रामलीला मैदान में हुए शपथ ग्रहण समारोह के दौरान भी रेखा गुप्ता ने प्रधानमंत्री मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और NDA के अन्य नेताओं से बातचीत की थी। इस बैठक को दिल्ली के भविष्य के लिए अहम माना जा रहा है।
महिला योजना में देरी पर आतिशी की चिंता
इधर, दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और AAP नेता आतिशी ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को एक पत्र लिखकर महिलाओं के लिए 2,500 रुपये की योजना में हो रही देरी पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने सरकार से इस योजना को जल्द मंजूरी देने की मांग की, जिससे दिल्ली की महिलाओं को आर्थिक लाभ मिल सके। आतिशी ने आरोप लगाया कि सरकार इस कल्याणकारी योजना में जानबूझकर देरी कर रही है, जिससे हजारों महिलाओं को असुविधा हो रही है।
दिल्ली की सड़कों और बुनियादी ढांचे पर फोकस
प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद रेखा गुप्ता ने दिल्ली के लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस बैठक में सड़कों की मरम्मत, यातायात प्रबंधन और बुनियादी ढांचे के विकास को लेकर चर्चा हुई। दिल्ली बीजेपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे जल्द से जल्द दिल्ली की सड़कों की मरम्मत और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करें, ताकि दिल्लीवासियों को किसी तरह की परेशानी न हो।

सड़क गुणवत्ता पर मंत्री प्रवेश वर्मा का कड़ा रुख
दिल्ली के PWD मंत्री प्रवेश वर्मा ने भैरों मार्ग से सराय काले खां, रिंग रोड तक विभागीय परियोजनाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सड़कों का निर्माण इस तरह से किया जाए कि वे कम से कम 10-15 साल तक टिकाऊ बनी रहें, भले ही आधिकारिक मानक 5 वर्षों के हों। मंत्री ने सड़क मरम्मत कार्यों की बारीकी से समीक्षा की और यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि निर्माण में उच्च गुणवत्ता वाली सामग्री का उपयोग किया जाए, जिससे बार-बार मरम्मत की जरूरत न पड़े।
रात में होगा मरम्मत कार्य, यातायात रहेगा सुचारू
निरीक्षण के दौरान प्रवेश वर्मा ने 4 किलोमीटर के खंड का जायजा लिया और बंद के दौरान यातायात प्रबंधन पर अधिकारियों से चर्चा की। अधिकारियों ने जानकारी दी कि सड़क मरम्मत कार्य मुख्य रूप से रात में किया जाएगा, ताकि दिन के समय ट्रैफिक बाधित न हो। वर्मा ने कहा कि यातायात सुचारू बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है और सड़क निर्माण में देरी या लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



