सीएम मोहन यादव आज ओरछा में भगवान श्री रामराजा लोक फेज-2 का शिलान्यास करेंगे, निवाड़ी जिले को मिलेंगी ₹332 करोड़ की विकास सौगातें।

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज भगवान श्री रामराजा सरकार की नगरी ओरछा पहुंच रहे हैं। यहां वे श्री रामराजा लोक परियोजना के द्वितीय चरण का भूमिपूजन करेंगे। यह दिन ओरछा के लिए ऐतिहासिक होने जा रहा है, क्योंकि मुख्यमंत्री ₹332 करोड़ की विकास सौगातें निवाड़ी जिले को देने वाले हैं।
धार्मिक व पर्यटन विकास को नई उड़ान
श्री रामराजा लोक फेज-2 के तहत लगभग ₹257.95 करोड़ की लागत से धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन विकास से जुड़े कार्य होंगे। साथ ही ₹74.90 करोड़ की लागत से तैयार परियोजनाओं का लोकार्पण भी किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव रामराजा सरकार के दर्शन करेंगे, जुझार सिंह महल का भ्रमण करेंगे और फेज-1 के निर्माण कार्यों का निरीक्षण करेंगे।
![]()
सड़क सुरक्षा सेमिनार में शामिल होंगे सीएम यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज सुबह 10:30 बजे आर.सी.वी.पी. नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी में आयोजित सड़क सुरक्षा सेमिनार में शामिल होंगे। उनके साथ लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह भी मौजूद रहेंगे। इस सेमिनार में करीब 500 तकनीकी अधिकारी हिस्सा लेंगे, जहां सड़क सुरक्षा से जुड़े नवीन तकनीकी उपायों, डेटा विश्लेषण आधारित सड़क सुधार और दुर्घटना नियंत्रण पर चर्चा की जाएगी।
दिनभर रहेगा व्यस्त कार्यक्रम
सेमिनार के बाद दोपहर 12:50 बजे मुख्यमंत्री ओरछा पहुंचेंगे, जहां वे श्रीराम राजा लोक और अन्य विकास कार्यों का भूमिपूजन, लोकार्पण और हितलाभ वितरण करेंगे। शाम 4:45 बजे वे सिंगरौली जिले के देवसर में स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके बाद शाम 6:45 बजे भोपाल लौटकर रात 8 बजे अरेरा कॉलोनी में एक स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे।


