मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर के तलावली चांदा में 8.30 करोड़ की लागत से बनी प्रदेश की दूसरी अत्याधुनिक फूड एंड ड्रग लैब का लोकार्पण किया, जिससे अब खाद्य और औषधि सैंपलों की जांच इंदौर में ही संभव होगी।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को इंदौर के तलावली चांदा में 8.30 करोड़ रुपये की लागत से तैयार न्यू फूड एंड ड्रग लैबोरेटरी का लोकार्पण किया। यह प्रदेश की दूसरी अत्याधुनिक जांच प्रयोगशाला है, जिसमें खाद्य पदार्थों और औषधियों के सैंपल की जांच अब स्थानीय स्तर पर ही की जा सकेगी। पहले ये सैंपल भोपाल भेजे जाते थे, लेकिन अब इंदौर और आसपास के जिलों को तेजी से जांच रिपोर्ट मिल सकेगी।
गधे गुलाब जामुन खाते हैं — सीएम ने सुनाया दिलचस्प किस्सा
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने मज़ाकिया अंदाज़ में “गधे गुलाब जामुन खाते हैं” कहावत के पीछे की ऐतिहासिक कहानी सुनाई। उन्होंने बताया कि यह कहावत फतेहाबाद के गुलाब जामुन से जुड़ी है, जहां औरंगजेब और उसके भाइयों के युद्ध के बाद यह व्यंग्य जन्मा था। सीएम ने कहा, “हमारे मालवा के लोग हिसाब भी मीठे अंदाज़ में चुकता करते हैं — अब वो गधे चले गए, पर हम आराम से गुलाब जामुन खाते हैं।”
मिलावट पर सख्त होगी कार्रवाई
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि इंदौर के तलावली चांदा में शुरू हुई इस अत्याधुनिक लैब से मिलावटखोरी पर अब प्रभावी रोक लगेगी। मंत्री तुलसीराम सिलावट के क्षेत्र में स्थापित इस लैब से खाद्य पदार्थों और औषधियों की जांच स्थानीय स्तर पर संभव हो सकेगी। सीएम ने मिलावट करने वालों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसे लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और कड़ी सजा दी जाएगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार शुद्ध खाद्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
सीएम ने दी छठ की शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अगले पांच महीनों में ग्वालियर और जबलपुर में भी फूड एंड ड्रग लैबोरेटरी शुरू की जाएगी, जिससे प्रदेश में 3,000 से अधिक सैंपलों की जांच संभव हो सकेगी। फिलहाल भोपाल में केवल 600 सैंपलों की जांच होती है। कार्यक्रम के बाद सीएम ने प्रदेशवासियों को छठ पर्व की शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह पर्व अब पूरे देश में उत्साह के साथ मनाया जाता है। इसके अलावा उन्होंने इंदौर में आयोजित कई अन्य कार्यक्रमों — जैसे महाराज राजेंद्रदास जी की कथा, ब्ल्यू लोटस गार्डन, बरसाना गार्डन और ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर के आयोजनों — में भी भाग लेने का कार्यक्रम बताया।


