शारदीय नवरात्र की शुरुआत पर CM डॉ. मोहन यादव ने व्यापारियों को स्वदेशी अपनाने का संदेश दिया और जीएसटी 2.0 की बधाई दी, वहीं महिलाओं ने बताया कि इस योजना से उन्हें बड़ी बचत का लाभ मिला है।

22 सितंबर से देशभर में जीएसटी 2.0 लागू हो गया है। इस मौके पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल के चौक बाजार में पहुंचकर खरीदारी की और यूपीआई से पेमेंट भी किया। सीएम ने व्यापारियों, सामाजिक संगठनों और जनता से संवाद करते हुए कहा कि जीएसटी 2.0 के साथ आज का दिन एक बचत उत्सव है।
स्वदेशी खरीदारी और त्योहारी रौनक
मुख्यमंत्री ने बाजार में घूम-घूमकर लोगों से बातचीत की, जहां महिलाओं ने बताया कि उन्हें नवरात्रि से लेकर करवाचौथ, दशहरे और दीपावली की खरीदारी में जीएसटी 2.0 से बड़ा लाभ मिला है। एक महिला ने बताया कि उसने अपनी बहन के पहले करवाचौथ के लिए साड़ी खरीदी है। वहीं, सीएम डॉ. मोहन यादव ने भी दशहरे के लिए स्वदेशी कुर्ता खरीदा और लोगों को स्वदेशी अपनाने का संदेश दिया।
उद्योगों को बढ़ावा और स्वदेशी का संकल्प
खरीदारी के बाद सीएम डॉ. मोहन यादव ने व्यापारियों से संवाद करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से समृद्ध हो रहा है। छोटे उद्यमियों और व्यापारियों के लिए लगातार नीतियों में सुधार किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार भी उद्योग-धंधों को बढ़ावा देने के लिए व्यवस्थाओं में बदलाव कर रही है ताकि राज्य का रुपया यहीं रोटेट हो और आर्थिक मजबूती बढ़े। सीएम ने जोर दिया कि स्वदेशी के मंत्र के भरोसे ही भारत दुनिया के सामने मजबूती से खड़ा हो सकता है।
भ्रष्टाचार पर लगाम और विकास की रफ्तार
सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने इनकम टैक्स समेत कई व्यवस्थाओं में सुधार कर भ्रष्टाचार और ब्लैक मनी पर रोक लगाई है। मोदी सरकार ने हर सेक्टर के लिए बजट बढ़ाया जिससे गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के लिए योजनाओं में धन की कोई कमी नहीं रही। उन्होंने लोगों से अपील की कि धनतेरस और दीपावली पर अपने घर में स्वदेशी उत्पाद अपनाएं और देश को आगे बढ़ाने में योगदान दें।


