प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बिहार यात्रा सिर्फ एक रैली नहीं थी, बल्कि यह एक सोची-समझी रणनीति का हिस्सा थी, जो राज्य की राजनीति में गहरी पकड़ बनाने के लिए बनाई गई थी। भागलपुर की ऐतिहासिक रैली में उन्होंने ‘टच पॉलिटिक्स’ का ऐसा उदाहरण पेश किया, जिसमें संस्कृति, इंफ्रास्ट्रक्चर, कृषि और औद्योगिक विकास को केंद्र में रखते हुए जनता से सीधा संवाद किया गया। उनके संबोधन में बिहार की अस्मिता, इतिहास और विकास का एक ऐसा समावेश था, जिसने प्रदेश के जनमानस को सीधे जोड़ने का काम किया।
संस्कृति और औद्योगिक विकास पर दिया विशेष जोर
अपने भाषण की शुरुआत में ही पीएम मोदी ने बिहार के गौरवशाली इतिहास को छूते हुए अजगबीनाथ और बूढ़ानाथ मंदिर, दानवीर कर्ण, विक्रमशिला विश्वविद्यालय, तिलका मांझी और भगवान महावीर जैसी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहरों का उल्लेख किया। इसके साथ ही उन्होंने बिहार के प्रसिद्ध उत्पादों—मखाना, भागलपुरी सिल्क, जर्दालु आम और गंगा डॉल्फिन जैसे प्रतीकों का जिक्र कर प्रदेश की विशिष्ट पहचान को रेखांकित किया। इन संदर्भों से उन्होंने न केवल बिहार की सांस्कृतिक महत्ता को उजागर किया बल्कि औद्योगिक विकास की संभावनाओं को भी रेखांकित किया।
विरोधियों पर हमला और विकास का संकल्प
पीएम मोदी ने अपने भाषण में राजद और कांग्रेस पर करारा हमला करते हुए ‘जंगलराज’ के दौर की याद दिलाई और जनता को एक बेहतर भविष्य का भरोसा दिलाया। उन्होंने किसान सम्मान निधि, डेयरी सेक्टर और मत्स्य पालन जैसी योजनाओं का जिक्र कर बिहार के किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने की बात कही। साथ ही, बेगूसराय, बक्सर, कटिहार, दरभंगा, पटना जैसे प्रमुख जिलों का नाम लेकर उन्होंने पूरे राज्य के जनमानस से जुड़ने की कोशिश की। उनके इस संबोधन को बिहार चुनाव के मद्देनजर एक बड़ा गेमचेंजर माना जा रहा है, जो आने वाले दिनों में राज्य की सियासी दिशा तय कर सकता है।

किसानों के दिलों में उतरे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भागलपुर रैली में किसानों के लिए बड़ा ऐलान करते हुए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 19वीं किस्त जारी करने की घोषणा की। जैसे ही उन्होंने इसका जिक्र किया, लाखों की भीड़ अपने मोबाइल फोन देखने लगी और पाया कि पैसे उनके खातों में आ चुके थे। इस त्वरित लाभ को देखकर किसानों में खुशी की लहर दौड़ गई, जिससे पीएम मोदी ने उनके मन में अपनी सीधी पैठ बना ली। इस मौके पर कई किसानों ने कहा कि उन्हें तुरंत पैसे मिल गए, जिससे उनकी प्रधानमंत्री पर आस्था और मजबूत हो गई। यह सिर्फ एक आर्थिक सहायता नहीं थी, बल्कि किसानों के साथ सीधे संवाद और भरोसे की एक अनूठी रणनीति थी।
हिंदू आस्था और विपक्ष पर सीधा वार
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने हिंदू आस्था और परंपराओं पर हो रहे राजनीतिक हमलों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने सीधे-सीधे विपक्षी दलों, खासकर राजद और कांग्रेस को निशाने पर लिया और कहा कि ‘जंगलराज’ की राजनीति करने वालों को आस्था और धरोहर से नफरत है। महाकुंभ के आयोजन को लेकर हो रही विपक्षी टिप्पणियों का ज़िक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इस महोत्सव में अब तक यूरोप की कुल जनसंख्या के बराबर लोग डुबकी लगा चुके हैं, लेकिन कुछ लोग इसे अपमानित करने में लगे हैं। उन्होंने बिहार की जनता को यह संदेश दिया कि उनकी आस्था का अपमान करने वालों को राज्य कभी माफ नहीं करेगा और एनडीए सरकार बिहार को आगे ले जाने के लिए निरंतर काम करती रहेगी।
चुनाव से पहले एनडीए को मजबूती
राजनीतिक विशेषज्ञों के मुताबिक, पीएम मोदी की यह रैली बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर एनडीए के लिए एक बड़ा बूस्ट साबित हो सकती है। भागलपुर की ऐतिहासिक रैली में उमड़ी भारी भीड़, खासतौर पर युवाओं और महिलाओं की मजबूत भागीदारी, एनडीए नेताओं के लिए हौसला बढ़ाने वाली थी। उन्होंने ‘लखपति दीदी’ योजना, डेयरी सेक्टर के विकास, मत्स्य पालन, मछुआरों के लिए किसान क्रेडिट कार्ड जैसे तमाम मुद्दों को छूकर बिहार के ग्रामीण और शहरी मतदाताओं को साधने की कोशिश की। वरिष्ठ पत्रकार अशोक कुमार शर्मा इसे ‘बिहार मिशन’ की मजबूत शुरुआत मानते हैं और कहते हैं कि पीएम मोदी ने इस रैली में हर उस मुद्दे को उठाया जो बिहार के लोगों को सीधे प्रभावित करता है। इससे आने वाले चुनाव में एनडीए को जबरदस्त फायदा मिलने की संभावना है।



