
बॉलीवुड से एक सनसनीखेज़ ख़बर सामने आई है। बॉलीवुड एक्टर सैफ अली खान पर चाकू से हमला हुआ है। ये हमला देर रात उनके मुंबई वाले घर में हुआ। इस घटना में एक्टर को कई गंभीर चोट आई हैं। उन्हें 6 बार चाकू से मारा गया। एक गंभीर चोट रीढ़ की हड्डी के पास आई है। एक्टर का इलाज लीलावती अस्पताल में चल रहा है और वो खतरे से बाहर हैं। इस चौंकाने वाली घटना ने फैंस और फिल्मी दुनिया को चिंता में डाल दिया है। इस बीच, अस्पताल से सैफ की हालत को लेकर आधकारिक बयान भी जारी किया है।
अब ख़बर पढ़ें विस्तार से
ताजा एपडेट के मुताबिक, सैफ की न्यूरो सर्जरी हो गई है। उनके शरीर से दो से तीन इंच लंबा शार्प ऑब्जेक्ट निकाला गया है। यह चाकू का ही हिस्सा बताया जा रहा है। अब सैफ अली खान की कॉस्मैटिक सर्जरी की जा रही है। इस हमले में सैफ अली खान की हाउस हेल्प भी घायल हुई हैं। हाउस हेल्प को मामूली चोटें आई हैं। सूत्रों का कहना है कि घर में एक Duct थी, जो बेडरूम के भीतर खुलती थी। शुरुआती जांच में पता चला है कि ऐसी संभावना है कि इसी Duct से चोर घर में घुसे थे।
अस्पताल के सीईओ ने पहले कहा था कि एक्टर को सुबह 3-3:30 बजे 6 चोटों के साथ भर्ती कराया गया था, जिसमें से एक चोट उनकी रीढ़ के बहुत करीब थी। लीलावती अस्पताल के सीईओ नीरज उत्तमानी ने कहा, ‘सैफ अली खान को सुबह 3-30 बजे लीलावती अस्पताल लाया गया। उन्हें 6 चोटें हैं जिनमें से दो गहरी हैं। एक चोट उनकी रीढ़ की हड्डी के पास है। हम उस पर काम कर रहे हैं। उनका ऑपरेशन न्यूरोसर्जन नितिन डांगे, कॉस्मेटिक सर्जन लीना जैन एनेस्थेटिस्ट निशा गांधी कर रहे हैं।’
इस घटना के बाद आज सुबह मुंबई पुलिस और अपराध शाखा के अधिकारी मुंबई में अभिनेता सैफ अली खान के आवास पर पहुंचे। पुलिस ने बताया कि ये घटना सैफ के बांद्रा स्थित आवास पर बुधवार 15 जनवरी की देर रात में घटी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि शुरूआती जानकारी के अनुसार, एक अज्ञात व्यक्ति सैफ अली खान के घर में पाइपलाइन की मदद से घुस आया और दोनों के बीच हाथापाई हुई। बता दें, घटना के समय अभिनेता के कुछ परिजन घर में मौजूद थे। अधिकारी ने बताया कि चाकू से किए गए हमले में सैफ अली खान घायल हो गए। उन्हें घायल अवस्था में बांद्रा के लीलावती अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस मामले की छानबीन कर रही पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है और साथ ही करीना कपूर ने भी बयान जारी किया है।


