ट्रम्प सलाहकार ने यूक्रेन युद्ध को ‘मोदी वॉर’ कहा, आरोप लगाया कि रूस से तेल खरीदने से जंग बढ़ रही है।

ट्रम्प के ट्रेड सलाहकार पीटर नवारो ने यूक्रेन युद्ध को ‘मोदी वॉर’ करार देते हुए भारत पर दोहरा खेल खेलने का आरोप लगाया। ब्लूमबर्ग टीवी को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि भारत रूस से सस्ता तेल खरीदकर उसे रिफाइन करता है और ऊंची कीमत पर बेचता है। इससे रूस को युद्ध के लिए धन मिलता है और यूक्रेन पर हमले जारी रहते हैं।
रूस-चीन संग रिश्तों पर चेतावनी
नवारो ने कहा कि रूस और चीन के साथ भारत की नजदीकियां दुनिया के लिए खतरा बन सकती हैं। उन्होंने तीखे लहजे में कहा—“भारत, तुम तानाशाहों के साथ खड़े हो। चीन ने अक्साई चिन और कई इलाकों पर कब्जा कर लिया, और रूस? जाने भी दो, वे तुम्हारे दोस्त नहीं हैं।”
नवारो का आरोप- रूसी तेल से अमेरिका को भारी नुकसान
ट्रम्प के ट्रेड सलाहकार पीटर नवारो ने भारत पर रूसी तेल खरीदकर अमेरिका को आर्थिक और रणनीतिक रूप से नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भारत रोजाना 15 लाख बैरल तेल रूस से खरीदता है और यही पैसा रूस की युद्ध मशीनरी को चलाने में इस्तेमाल होता है। नवारो के मुताबिक इससे यूक्रेन पर हमले तेज होते हैं और अंततः अमेरिकी टैक्सपेयर्स को आर्थिक बोझ उठाना पड़ता है। उन्होंने भारतीय रिफाइनरियों पर भी आरोप लगाया कि वे सस्ते तेल को खरीदकर ऊंचे दाम पर बेचती हैं, जिससे अमेरिकी उद्योग, रोजगार और आमदनी प्रभावित होती है।
मोदी पर निशाना, टैरिफ विवाद का जिक्र
नवारो ने पीएम मोदी को ‘एरोगेंट’ कहकर निशाना साधा और कहा कि लोकतंत्र का दावा करने वाला भारत अमेरिका की आंखों में आंखें डालकर रूसी तेल खरीद जारी रखने की बात करता है। उन्होंने चेतावनी दी कि भारत के ऊंचे टैरिफ अमेरिकी कारोबार और कामगारों के लिए संकट पैदा कर रहे हैं। यह बयान ऐसे समय में आया है जब अमेरिका ने भारतीय निर्यात पर 50% टैरिफ लगाया है, जिससे भारत के 66% निर्यात पर असर पड़ने का अनुमान है। गौरतलब है कि 2024-25 में भारत-अमेरिका का द्विपक्षीय व्यापार 131.8 अरब डॉलर का रहा।


