
श्रीलंकाई नौसेना ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी की है। श्रीलंकाई नौसेना ने उसमें जानकारी दी है कि श्रीलंका के जलक्षेत्र में कथित तौर पर मछली पकड़ने के आरोप में आठ भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार करने के साथ ही मछली पकड़ने वाली दो नौकाओं को भी जब्त कर लिया गया है। श्रीलंका की नौसेना ने कहा कि ये गिरफ्तारियां शनिवार रात को मन्नार के उत्तर के समुद्री क्षेत्र में शुरू किए गए एक विशेष अभियान के दौरान हुईं। श्रीलंकाई नौसेना ने बताया कि 11 जनवरी की रात को उसकी उत्तर-मध्य कमान ने भारतीय मछुआरों की कुछ नौकाओं को देखा जो श्रीलंका के समुद्री क्षेत्र में अवैध तरीके से मछली पकड़ रहे थे। जवाब में उत्तरी नौसेना कमान ने अपने फास्ट अटैक क्राफ्ट को उतारा। इसके अलावा उत्तर मध्य नौसेना कमान ने भी एक टुकड़ी को मन्नार के उत्तर में समुद्री क्षेत्र में अवैध रूप से मछली पकड़ने के लिए इस्तेमाल की जा रहीं भारतीय नौकाओं को पकड़ने के लिए तैनात किया। उसने बताया, ‘‘इस अभियान के तहत मछली पकड़ने वाली दो भारतीय नौकाओं को जब्त कर लिया गया तथा आठ भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार कर लिया गया।’’ नौसेना ने बताया कि भारतीय मछुआरों के साथ जब्त की गई नौकाओं को इरानतिवु द्वीप लाया गया और उन्हें आगे की कानूनी कार्यवाही के लिए किलिनोच्ची के सहायक मत्स्य निदेशालय को सौंप दिया जाएगा। बयान में ये भी कहा गया है कि इन गिरफ्तारियों के साथ ही इस वर्ष अब तक 18 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया जा चुका है और तीन नौकाएं जब्त की जा चुकी हैं। आपको बता दें कि मछुआरों का मुद्दा भारत और श्रीलंका के बीच संबंधों में एक विवादास्पद मुद्दा है।


