सिया संबंधी विवाद को लेकर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बड़ा एक्शन लिया है। उन्होंने दो वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को उनके पद से हटाकर नई जिम्मेदारियां सौंप दी हैं। प्रशासनिक सख्ती के तहत यह फैसला लिया गया है। जानिए किस अधिकारी को कहां तैनात किया गया है।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सिया विवाद को गंभीरता से लेते हुए दो वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को उनके पद से हटा दिया है। पर्यावरण विभाग के प्रमुख सचिव डॉ. नवनीत मोहन कोठारी और अपर सचिव उमा माहेश्वरी को हटाकर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। मुख्यमंत्री ने यह कदम सिया कार्यालय में ताला लगाने की घटना के बाद उठाया, जिसने शासन प्रशासन में हलचल मचा दी थी।
शुक्ला और वर्णवाल को बड़ी भूमिका
प्रशासनिक बदलाव के तहत चंद्रमौली शुक्ला को मुख्यमंत्री का अपर सचिव बनाया गया है, जबकि अशोक वर्णवाल को पर्यावरण विभाग का अपर मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है। यह फैसला उस समय लिया गया जब मुख्यमंत्री दुबई यात्रा पर थे और एप्को परिसर में सिया चेयरमैन एस.एन. चौहान के कार्यालय में ताला लगाए जाने का मामला सामने आया। चेयरमैन की शिकायत पर ताला खुलवाया गया, जिसके बाद यह सख्त कदम उठाया गया।
प्रभारों में फेरबदल, अफसरों को नई जिम्मेदारियां
सरकार ने सिया विवाद के बाद प्रशासनिक जिम्मेदारियों में व्यापक फेरबदल किया है। अशोक बर्णवाल को उनके वर्तमान कार्यों के साथ-साथ पर्यावरण विभाग के अपर मुख्य सचिव, पर्यावरण आयुक्त और एप्को के महानिदेशक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। दीपक आर्य अब ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण के सीईओ के साथ-साथ एप्को के कार्यपालन संचालक भी होंगे। वहीं, चंद्रमौली शुक्ला को मुख्यमंत्री सचिवालय में अपर सचिव का अतिरिक्त दायित्व मिला है। अमित राठौर वाणिज्यिक कर विभाग के प्रमुख सचिव बने रहेंगे, लेकिन उन्हें कुटीर व ग्रामोद्योग विभाग के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है।


