भोपाल। नेशनल हेराल्ड प्रकरण को लेकर प्रवर्तन निदेशालय के कथित दुरुपयोग के विरोध में मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने राजधानी भोपाल में जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से भाजपा मुख्यालय के घेराव के लिए निकले, लेकिन प्रशासन ने रास्ते में बै
रिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया और जलकैनन का इस्तेमाल किया। इसके बाद कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को बसों में भरकर गिरफ्तार कर लिया गया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में पार्टी के वरिष्ठ नेता, महिला कांग्रेस, सेवादल, मीडिया विभाग और विभिन्न संगठनों से जुड़े पदाधिकारी बड़ी संख्या में शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार पर केंद्रीय एजेंसियों के राजनीतिक दुरुपयोग का आरोप लगाया और नारेबाजी के साथ विरोध दर्ज कराया।

प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने कहा कि विपक्ष की आवाज दबाने के लिए एजेंसियों का इस्तेमाल किया जा रहा है और यह लोकतंत्र के लिए खतरा है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि झूठे मामलों के जरिए विपक्षी नेताओं को बदनाम करने का प्रयास हो रहा है, जिसे पार्टी किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं करेगी।
कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि लोकतंत्र, संविधान और विपक्ष के अधिकारों की रक्षा के लिए उसका संघर्ष जारी रहेगा। पार्टी ने जनजागरण अभियान तेज करने और सरकार की नीतियों के खिलाफ सड़क से सदन तक आवाज उठाने का संकल्प दोहराया


