जापान में PM मोदी ने अपने समकक्ष इशिबा के साथ नई E10 बुलेट ट्रेन का सफर किया, जो मुंबई-अहमदाबाद रूट पर दौड़ेगी।
जापान दौरे के दूसरे दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मियागी प्रांत के सेंडाई पहुंचे, जहां उन्होंने जापान के प्रधानमंत्री शिगेरू इशिबा के साथ एडवांस E10 बुलेट ट्रेन कोच का निरीक्षण किया और उसमें सफर भी किया। इस दौरान जापानी PM ने भारत के लोको पायलटों से भी मुलाकात की, जिन्हें जापान का ईस्टर्न रेलवे ट्रेनिंग दे रहा है। ये पायलट भविष्य में मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन चलाएंगे। इससे पहले शुक्रवार को दोनों देशों के बीच हुए 15वें भारत-जापान समिट में 150 समझौते हुए और जापान ने भारत में अगले 10 साल में 6 लाख करोड़ रुपये निवेश की घोषणा की।
चीन दौरे पर भी होंगे अहम कार्यक्रम
जापान के बाद प्रधानमंत्री मोदी रविवार को चीन के दो दिवसीय दौरे पर जाएंगे। वे वहां शंघाई कोऑपरेशन ऑर्गनाइजेशन (SCO) समिट में शामिल होंगे और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग तथा रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात करेंगे। चीन रवाना होने से पहले मोदी ने टोक्यो में जापान के 16 प्रांतों के गवर्नरों से मुलाकात की। इस बैठक में भारत-जापान के बीच राज्य-प्रांत साझेदारी पर चर्चा हुई, जिसमें प्रौद्योगिकी, नवाचार, निवेश, कौशल विकास, स्टार्टअप्स और SMEs में सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया गया।
मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट
भारत का पहला हाई स्पीड रेल कॉरिडोर मुंबई और अहमदाबाद के बीच बनाया जा रहा है, जिसमें जापान तकनीकी और आर्थिक सहयोग दे रहा है। इस परियोजना की शुरुआत 2017 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जापान के तत्कालीन प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने अहमदाबाद से की थी। करीब 1.08 लाख करोड़ रुपये की लागत वाले इस प्रोजेक्ट में 350 किमी/घंटा की अधिकतम रफ्तार वाली बुलेट ट्रेन दौड़ेगी। 508 किमी की दूरी सिर्फ 3 घंटे में पूरी होगी, जबकि अभी यही सफर 5 से 8 घंटे में तय होता है।
2030 तक दौड़ेगी एडवांस E10 ट्रेन
रिपोर्ट्स के मुताबिक, एडवांस E10 बुलेट ट्रेन 2030 तक बनकर तैयार हो जाएगी, जिसकी टॉप स्पीड 400 किमी/घंटा होगी। भारत और जापान इस हाई-टेक ट्रेन को एक साथ पटरी पर उतारने की तैयारी कर रहे हैं। यह ट्रेन भारत के मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल कॉरिडोर पर चलेगी। इसके अलावा जापान सरकार भारत को 2 और बुलेट ट्रेन मॉडल (E3 और E5) गिफ्ट करने जा रही है, जिससे इस प्रोजेक्ट को और मजबूती मिलेगी।



