मोहन कैबिनेट बैठक आज, मेट्रो विस्तार और नए कानूनों पर फैसले; सीएम दिल्ली में शाह को सिंहस्थ 2028 की प्रजेंटेशन देंगे।

मध्यप्रदेश सरकार राज्य में मेट्रो सेवा का दायरा बढ़ाने की तैयारी कर रही है। प्रस्ताव है कि मेट्रो नेटवर्क सिर्फ प्रमुख शहरों तक ही सीमित न रहकर उज्जैन जैसे धार्मिक और पर्यटन स्थलों तक भी पहुंचे। इससे स्थानीय यात्रियों के साथ-साथ श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बड़ी सुविधा मिलेगी। वहीं, ऊर्जा क्षेत्र को मज़बूत करने के लिए नए थर्मल पावर प्लांट और उनकी अतिरिक्त यूनिट्स स्थापित करने पर भी विचार किया जा रहा है। इन प्रस्तावों को मंगलवार को होने वाली कैबिनेट बैठक में रखा जाएगा।
अपराध नियंत्रण के लिए नए कानून
राज्य में बढ़ते अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए सरकार तीन नए कानून लाने की तैयारी कर रही है। सूत्रों के अनुसार, इन कानूनों को लागू करने के लिए आधुनिक तकनीक और संसाधनों का इस्तेमाल होगा। इसके तहत कंप्यूटर और डिजिटल उपकरणों सहित अत्याधुनिक तकनीक खरीदी जाएगी। कैबिनेट बैठक में इस पर विस्तार से चर्चा होगी और मंजूरी मिलने की संभावना है। बैठक सुबह 11 बजे शुरू होगी।
दिल्ली दौरे में सिंहस्थ 2028 पर प्रजेंटेशन
कैबिनेट बैठक और स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दिल्ली रवाना होंगे। वहां उनका केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से भेंट का कार्यक्रम है। इस मुलाकात के दौरान सिंहस्थ 2028 को लेकर एक अहम प्रजेंटेशन दिया जाएगा। राज्य सरकार पहले से ही महाकुंभ की तैयारियों की रूपरेखा बना रही है और इस प्रस्तुति के जरिए केंद्र से सहयोग और अनुमोदन की उम्मीद है।
बिजली कंपनियों में 1060 कर्मचारियों की नियुक्ति
राज्य की बिजली कंपनियों में लंबे समय से चल रही भर्ती प्रक्रिया अब पूरी हो गई है। मंगलवार को भोपाल के रवीन्द्र भवन में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 1060 चयनित कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान करेंगे। हाल ही में हुई कैबिनेट बैठक में नई संगठनात्मक संरचना को मंजूरी दी गई थी, जिसके तहत करीब 50 हजार नए पदों को स्वीकृति मिली है। उसी प्रक्रिया के अंतर्गत यह नियुक्तियां की गई हैं।


