सीएम मोहन यादव बोले – पीएम मोदी के नेतृत्व में सरकार कर रही है गरीब, किसान, युवा और नारी के कल्याण के लिए सतत काम।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दिवाली की पूर्व संध्या पर किसानों और बहनों को बड़ी राहत दी। उज्जैन के तराना में अतिवृष्टि से प्रभावित किसानों के खातों में ₹265 करोड़ की राहत राशि ट्रांसफर की गई। वहीं, 29 लाख बहनों के खातों में गैस सिलेंडर रीफिल के लिए ₹45 करोड़ सिंगल क्लिक से भेजे गए। सीएम ने इस मौके पर ₹31 करोड़ की लागत से बने 30 विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। उन्होंने तराना से आगर तक नई सड़क, कायथा में नया कॉलेज और मक्सी में टू लेन रोड को फोर लेन बनाने की घोषणा भी की। साथ ही बताया कि प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों को विशेष पंजीयन और अनुदान मिलेगा।
किसानों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई
सीएम मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार गरीब, किसान, युवा और नारी के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि बाढ़, सूखा या पीला मोजेक जैसी आपदाओं में भी सरकार किसानों के साथ खड़ी है। पहली बार प्रदेश में पीला मोजेक से प्रभावित फसलों के लिए भी राहत राशि दी गई है। उन्होंने कहा कि तराना और आसपास के युवाओं के लिए ₹8 हजार करोड़ की लागत से नया कारखाना स्थापित किया जा रहा है, जिससे हजारों लोगों को रोजगार मिलेगा।
कांग्रेस पर सीएम मोहन यादव का तीखा हमला
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने तराना में कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 1947 से कांग्रेस ने लंबे समय तक सत्ता संभाली, लेकिन किसानों और बहनों के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया। किसान सम्मान निधि की शुरुआत भाजपा सरकार ने की — जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसानों को ₹6,000 और राज्य सरकार अतिरिक्त ₹6,000 दे रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस बताएं, उन्होंने कब किसानों को सम्मान निधि दी थी। सीएम ने कहा कि लाड़ली बहनों को भी कांग्रेस ने एक रुपया नहीं दिया, जबकि भाजपा सरकार ने ₹1,000 से योजना शुरू की जो अब बढ़कर ₹1,500 हो रही है।
नई योजनाओं से विकास की नई राह
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तराना में भी पार्वती-काली सिंध-चंबल नदियों का पानी पहुंचेगा, जिससे सिंचाई की सुविधा बेहतर होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासन में खेत सूखे रहते थे और बिजली के तारों में करंट नहीं होता था, लेकिन अब मोदी सरकार के नेतृत्व में किसानों को 24 घंटे बिजली मिल रही है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार नई कृषि योजनाएं ला रही है — जिसमें प्राकृतिक खेती और पशुपालन को बढ़ावा दिया जाएगा। जो किसान जैविक खेती करेगा, उसका विशेष पंजीयन और अनुदान दिया जाएगा। साथ ही, उन्होंने माकड़ोन में कॉलेज निर्माण के लिए जमीन दान करने वाले दंपत्ति शिव पाटीदार और लक्ष्मी पाटीदार का सम्मान किया और कहा कि ऐसे लोग प्रदेश के विकास की असली नींव हैं।


