दिल्ली-NCR में गुरुवार को तेज बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। बुधवार को खराब मौसम के चलते 6 फ्लाइट्स को डायवर्ट किया गया — जिनमें से 4 जयपुर और 2 लखनऊ भेजी गईं। कई उड़ानों में देरी भी हुई, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। लगातार बारिश ने राजधानी की रफ्तार थाम दी है।

गुरुग्राम की सड़कें बनीं नदी
गुरुग्राम में बुधवार शाम सिर्फ 90 मिनट में 103 mm बारिश हुई, जिससे सड़कों पर बाढ़ जैसे हालात बन गए। बीते 12 घंटे में कुल 133 mm बारिश दर्ज की गई। कई जगह गाड़ियां पानी में फंसी रहीं और पैदल चलने वालों की कमर तक पानी पहुंच गया। हालात को देखते हुए जिला प्रशासन ने कॉर्पोरेट दफ्तरों और निजी संस्थानों को वर्क फ्रॉम होम की सलाह दी है।
MP-महाराष्ट्र-हरियाणा में बारिश से मौतें
मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर में नदी में बहने से 3 बच्चों की मौत हो गई, जबकि हरियाणा के कैथल में तालाब में डूबने से 3 और बच्चों की जान चली गई। उधर, महाराष्ट्र के नागपुर में तेज बारिश से 71 गांव मुख्यालय से कट गए हैं। बोरगांव और उप्पलवाड़ी में दो लोगों की मौत हुई। नागपुर जिले के सभी स्कूल 9 जुलाई तक बंद कर दिए गए हैं।
NH-3 समेत 208 सड़कें बंद
हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के चलते हालात गंभीर बने हुए हैं। राज्य में अब तक 208 सड़कें बंद हो चुकी हैं, जिनमें मंडी-धरमपुर खंड वाला NH-3 भी शामिल है, जो अटारी से लेह को जोड़ता है। अकेले मंडी जिले में 30 जून और 1 जुलाई की रात को बादल फटने, बाढ़ और भूस्खलन की 10 घटनाएं हुईं, जिनमें 15 लोगों की जान चली गई। इसके अलावा 134 सड़कें बंद हो गईं, 11 ट्रांसफार्मर ठप पड़े हैं और 204 जलापूर्ति योजनाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं।


