मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने होली के पावन अवसर पर समस्त प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं और मंगलकामनाएं प्रेषित की हैं। उन्होंने कहा कि होली का पर्व हमें होलिका दहन की कथा का स्मरण कराता है, जिसमें भक्त प्रहलाद का नारायण प्रेम स्पष्ट झलकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कथा से हमें सिखने को मिलता है कि सत्य, भक्ति और ईश्वर में विश्वास हर संकट पर विजय प्राप्त कर सकता है।
प्रदेशभर में विविध रंगों के साथ मनेगा उत्सव
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में होली से रंगपंचमी तक प्रदेश के अलग-अलग अंचलों में उत्सव के अनेक रूप देखने को मिलते हैं। यह विविधता हमारी सांस्कृतिक समृद्धि का प्रतीक है, जो समाज को एकजुट करती है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि सभी मिलकर सौहार्द्र और उल्लास के साथ यह पर्व मनाएं।
मुख्यमंत्री निवास में हुआ पारंपरिक होलिका दहन
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार रात्रि को मुख्यमंत्री निवास में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर होलिका दहन किया। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री निवास कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों को होली की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने सभी को सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में मिल-जुलकर यह पर्व मनाने का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री और मंत्रियों ने दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों को होली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व सत्य, अधर्म और अत्याचार पर भक्ति की जीत का प्रतीक है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे होली की पवित्र अग्नि में सभी नकारात्मक विचारों और भावनाओं को समर्पित कर जीवन में मंगलमय और शुभता का आह्वान करें। मुख्यमंत्री ने सभी को अपने देश और समाज के प्रति समर्पित होकर योगदान देने का संकल्प लेने की प्रेरणा दी।
मंत्रियों ने भाईचारे और सौहार्द्र का दिया संदेश
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होली का पर्व आत्मीयता और भाईचारे का प्रतीक है। उन्होंने इस पर्व के माध्यम से राज्य में समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने भी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होली समाज में प्रेम, सौहार्द्र और समरसता का संदेश देती है। उन्होंने प्राकृतिक रंगों से होली खेलने का आग्रह किया और सभी के उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना की।
सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है होली
नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह ने अपने संदेशों में कहा कि होली का पर्व हमें विभिन्न संस्कृतियों और परंपराओं को अपनाने वाले लोगों के बीच सौहार्द्र और शांति का संदेश देता है। उन्होंने प्रदेशवासियों से आग्रह किया कि वे इस रंगों के पर्व को भाईचारे और उमंग के साथ मनाएं।



