
बजट सत्र को लेकर एक बड़ी खबर हम आपको बताने जा रहे हैं जहां बजट आते ही आम आदमी की उम्मीदें बढ़ जाती हैं। अब इसी पर संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक बड़ी जानकारी दी है। उन्होंने केंद्रीय बजट सत्र 2025 के बारे में पोस्ट में लिखा कि केंद्रीय बजट सत्र 2025, 31 जनवरी से शुरू हो रहा है, जो 4 अप्रैल तक आयोजित किया जाएगा। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण इस बार आपना आठवां बजट पेश करने वाली हैं। परंपरा के मुताबिक, बजट सत्र की शुरुआत राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण से होगी जिसके बाद आर्थिक सर्वेक्षण पेश किया जाएगा।
क्या जानकारी दी किरेन रिजिजू ने
किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ‘राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 31 जनवरी 2025 को सुबह 11 बजे लोकसभा में दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधित करेंगी। केंद्रीय बजट 2025-26 1 फरवरी, 2025 को लोकसभा में पेश किया जाएगा। दोनों सदन 13 फरवरी, 2025 को अवकाश के लिए स्थगित हो सकते हैं और विभिन्न मंत्रालयों/विभागों की अनुदान मांगों की जांच करने और उन पर रिपोर्ट देने के लिए 10 मार्च, 2025 को 2025 को फिर से आएंगे।’
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण अपने आठवें बजट पेश करने के दौरान कुछ बड़े ऐलान कर सकती हैं। बजट सत्र के पहले भाग में 31 जनवरी से 13 फरवरी तक नौ बैठकें होंगी, जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब देंगे और वित्त मंत्री बजट पर चर्चा का जवाब देंगी। इसके बाद संसद बजट प्रस्तावों की जांच के लिए अवकाश ले लेगी और विभिन्न मंत्रालयों की अनुदान मांगों पर चर्चा करने तथा बजटीय प्रक्रिया पूरी करने के लिए 10 मार्च से फिर बैठक करेगी। बजट सत्र 4 अप्रैल को समाप्त होगा। पूरे बजट सत्र में 27 बैठकें होंगी।
बजट से उम्मीदें
उम्मीद जताई जा रही है कि आम बजट में सरकार का फोकस नई टैक्स व्यवस्था है। पुरानी टैक्स व्यवस्था को खत्म करने के इरादे से सरकार आगामी आम बजट में नई टैक्स व्यवस्था को करदाताओं के लिए और आकर्षक बनाएगी। सरकार की योजना नई व्यवस्था में नए टैक्स स्लैब जोड़ने, आयकर मुक्त आय की सीमा के साथ मानक कटौती की सीमा में भी बढ़ोतरी करने की है। साथ ही नई टैक्स व्यवस्था के तहत कुछ छूट भी दी जा सकती है। इसका संकेत सरकार के बृहस्पतिवार को अचानक 8वां वेतन आयोग गठित करने के फैसले से भी मिला।


