साइप्रस सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ मकारियोस III’ से सम्मानित किया, यह सम्मान राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिडेस ने प्रदान किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय दौरे पर जब साइप्रस पहुंचे, तो वहां उनका ज़ोरदार स्वागत किया गया। राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडुलाइड्स ने उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ मकारियोस III’ से नवाजा। यह सम्मान साइप्रस की ओर से भारत और मोदी के नेतृत्व को दी गई एक बड़ी सराहना मानी जा रही है। मोदी ने इस मौके पर इसे 140 करोड़ भारतीयों को समर्पित करते हुए इसे दोनों देशों की गहरी दोस्ती का प्रतीक बताया।
‘यह सम्मान सीधे दिल को छू गया’ – पीएम मोदी
सम्मान प्राप्त करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर भावुक प्रतिक्रिया दी और साइप्रस के लोगों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि जैसे ही उन्होंने साइप्रस की धरती पर कदम रखा, वहां के लोगों और राष्ट्रपति ने जिस स्नेह और आत्मीयता से स्वागत किया, वह सीधे उनके दिल को छू गया। अपने संबोधन में पीएम मोदी ने यह भी कहा कि यह सम्मान न केवल व्यक्तिगत रूप से उनके लिए गर्व की बात है, बल्कि भारत और साइप्रस की मजबूत होती साझेदारी की भी पुष्टि है।
अभिभूत हुए पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को साइप्रस के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ मकारिओस III’ से सम्मानित किया गया। इस भावुक पल को साझा करते हुए पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “इस सम्मान को पाकर मैं अभिभूत हूं। मैं इसे भारत और साइप्रस की गहरी दोस्ती को समर्पित करता हूं।” पीएम मोदी ने इस ऐतिहासिक क्षण का एक वीडियो भी साझा किया, जिसमें राष्ट्रपति भवन में उनका सम्मान और गर्मजोशी से किया गया स्वागत साफ झलकता है।

साझा विकास का संकल्प
सम्मान ग्रहण करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वह इसे 140 करोड़ भारतीयों की ओर से विनम्रता और कृतज्ञता के साथ स्वीकार करते हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि भारत और साइप्रस की सक्रिय साझेदारी आने वाले समय में और ऊंचाइयों तक पहुंचेगी। मोदी ने यह भी कहा कि दोनों देश मिलकर न केवल अपने-अपने विकास को मजबूती देंगे, बल्कि वैश्विक शांति और सुरक्षा के लिए भी सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
मजबूत रिश्तों की नई शुरुआत
प्रधानमंत्री मोदी का यह साइप्रस दौरा कई मायनों में ऐतिहासिक रहा, क्योंकि यह पहली बार है जब किसी भारतीय प्रधानमंत्री ने इस देश की यात्रा की है। 15 जून को निकोसिया स्थित राष्ट्रपति भवन में उनका भव्य स्वागत हुआ और द्विपक्षीय वार्ता के दौरान कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। आज पीएम मोदी साइप्रस से रवाना होकर कनाडा जाएंगे, जहां वे जी-7 सम्मेलन में भाग लेंगे। इसके बाद उनका अगला पड़ाव क्रोएशिया होगा। यह 5 दिवसीय विदेश यात्रा भारत की वैश्विक भूमिका को और मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।


