छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी देश के दुश्मनों और अलगाववादियों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नीतियां हमेशा से राष्ट्रविरोधी रही हैं और अब यह खुलकर उजागर हो रही हैं। मुख्यमंत्री का कहना है कि कांग्रेस के विदेशी विभाग के प्रमुख सैम पित्रोदा का चयन भी एक सोची-समझी रणनीति का हिस्सा है, ताकि वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की छवि को धूमिल कर सकें। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस अपने नेताओं से देश विरोधी बयान दिलवाकर पहले भारत विरोधी ताकतों को खुश करती है और बाद में उन्हें निजी राय बताकर पल्ला झाड़ लेती है।
सैम पित्रोदा पर तीखा हमला, बयान को बताया षड्यंत्र
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा को लेकर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पित्रोदा बार-बार भारत की छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं और उनकी हरकतें संदेहास्पद हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले उन्होंने भारतीय नस्ल को अपमानित किया, फिर अलग-अलग मंचों पर देश के खिलाफ दुष्प्रचार किया और अब वे भारत को कमजोर करने की साजिश रच रहे हैं। साय ने कांग्रेस से सवाल किया कि यदि पित्रोदा के विचार निजी हैं और पार्टी उनसे सहमत नहीं है, तो क्या कांग्रेस उन्हें पार्टी से निष्कासित करेगी? अगर नहीं, तो यह साफ है कि कांग्रेस आलाकमान के निर्देश पर ही यह साजिश रची जा रही है।
कांग्रेस की दोहरी नीति पर उठाए सवाल
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी का दोहरा रवैया अब जनता के सामने आ चुका है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा से ‘चोर से कहो चोरी कर और गृहस्वामी से कहो जागते रह’ की नीति पर काम करती रही है। कांग्रेस पहले देश विरोधी बयान दिलवाकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की छवि खराब करती है और बाद में उसे निजी राय बताकर बच निकलती है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह कांग्रेस की अघोषित रणनीति है, जिससे वह बार-बार देश की संप्रभुता को चोट पहुंचाने की कोशिश करती है।

देश को कमजोर करने की साजिश बर्दाश्त नहीं होगी
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दो टूक कहा कि कांग्रेस की यह साजिश देश बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि एक राष्ट्रीय पार्टी होने के बावजूद कांग्रेस देश विरोधी ताकतों के साथ खड़ी नजर आती है। उन्होंने कहा कि भारत की जनता अब जागरूक हो चुकी है और वह कांग्रेस की सच्चाई को भली-भांति समझती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत लगातार प्रगति कर रहा है और कांग्रेस इसे पचा नहीं पा रही है, इसलिए वह इस तरह की हरकतें कर रही है।
कांग्रेस को जवाब देना होगा: मुख्यमंत्री साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कांग्रेस से सीधा सवाल किया कि क्या वह सैम पित्रोदा के बयान का समर्थन करती है? यदि नहीं, तो कांग्रेस को उन्हें तत्काल पार्टी से निकाल देना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस ऐसा नहीं करती है, तो इसका मतलब साफ है कि पित्रोदा जो कुछ भी कह रहे हैं, वह कांग्रेस की ही विचारधारा का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अब जनता के सवालों का जवाब देना होगा और यह बताना होगा कि क्यों बार-बार उनके नेता देश विरोधी बयान देते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ समेत पूरा देश इस साजिश को समझ चुका है और अब कांग्रेस की चालबाजियां नहीं चलने वाली हैं।



