नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार रात करीब 9:26 बजे हुए दर्दनाक हादसे में 18 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में 14 महिलाएं और 3 बच्चे शामिल हैं, जबकि 25 से अधिक लोग घायल हुए हैं। लोकनायक जय प्रकाश अस्पताल (LNJP) ने मौत की पुष्टि की। प्लेटफॉर्म नंबर 13, 14 और 15 के बीच मची भगदड़ में सैकड़ों श्रद्धालु अफरातफरी में इधर-उधर भागते नजर आए। बताया जा रहा है कि शाम 4 बजे से ही महाकुंभ जाने वाले यात्रियों की भीड़ स्टेशन पर जमा थी।
गलत अनाउंसमेंट और ट्रेन लेट होने से मची अफरातफरी
प्रयागराज जाने वाली तीन ट्रेनों के लेट होने की घोषणा रात 8:30 बजे की गई। इस दौरान गलत अनाउंसमेंट के कारण यात्री घबरा गए और प्लेटफॉर्म बदलने के प्रयास में भगदड़ मच गई। बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग फंस गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मौके पर पुलिस और रेलवे प्रशासन की ओर से कोई उचित प्रबंधन नहीं था।
प्रशासन की अनदेखी और CPRO का विवादित बयान
हादसे के तुरंत बाद नॉर्दर्न रेलवे के CPRO ने भगदड़ की खबर को अफवाह बताया। हालांकि, कुछ ही देर बाद LNJP अस्पताल ने 15 लोगों की मौत की पुष्टि कर दी। रेलवे प्रशासन पर लापरवाही और सूचना प्रबंधन में चूक के आरोप लग रहे हैं।
जांच के आदेश और नेताओं की प्रतिक्रिया
दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने ट्वीट कर हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की। वहीं, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए सख्त उपाय किए जाएंगे। 
मृतकों के परिजनों को 10 लाख का मुआवजा
रेलवे ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन भगदड़ हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों के लिए मुआवजे का ऐलान किया है। मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके अलावा, गंभीर रूप से घायलों को 2.5 लाख रुपये और मामूली रूप से घायलों को 1 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि पीड़ित परिवारों की हर संभव मदद की जाएगी और प्रशासन से राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।

पीएम नरेंद्र मोदी ने जताया गहरा शोक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई भगदड़ पर गहरी संवेदना प्रकट की। उन्होंने ट्विटर (X) पर पोस्ट कर लिखा, *”नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई भगदड़ से व्यथित हूं। मेरी संवेदनाएँ उन सभी लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। मैं प्रार्थना करता हूँ कि घायल लोग जल्दी ठीक हो जाएँ। अधिकारी इस भगदड़ से प्रभावित सभी लोगों की सहायता कर रहे हैं।”* पीएम मोदी ने पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया।

पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने जताया शोक
पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने एक्स (Twitter) पर अपनी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने लिखा, *”नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई भगदड़ में 15 लोगों की मौत एवं अनेकों के घायल होने की खबर अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दे एवं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूँ।”* उन्होंने प्रशासन से राहत कार्यों में तेजी लाने की अपील की।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पीड़ित परिवारों के प्रति प्रकट की संवेदना
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी इस हृदयविदारक हादसे पर गहरा दुख प्रकट किया। उन्होंने ट्वीट कर कहा, “नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से दुखद समाचार। रेलवे प्लेटफॉर्म पर भगदड़ के कारण हुई मौतों से मैं बेहद दुखी हूं। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।” उन्होंने प्रशासन से प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता देने का निर्देश दिया।




