इंडोनेशियाई राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने भारत और इंडोनेशिया के गहरे संबंधों को उजागर करते हुए, कहा कि उनका DNA भारतीय मूल से जुड़ा है। गणतंत्र दिवस समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आयोजित भोज के दौरान उन्होंने बताया कि ,हाल ही में किए गए जेनेटिक और DNA टेस्ट से पता चला कि उनकी आनुवंशिक जड़ें भारत से जुड़ी हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय संगीत सुनकर वे झूम उठते हैं, और यह उनके भीतर भारतीय सभ्यता के प्रभाव का प्रतीक है। प्रबोवो ने दोनों देशों के सभ्यतागत संबंधों को महत्वपूर्ण बताया और इसे हजारों साल पुराने ऐतिहासिक और सांस्कृतिक साझे अतीत का हिस्सा माना।

प्रबोवो सुबियांतो ने भारत और इंडोनेशिया की भाषाओं और संस्कृत के गहरे प्रभाव का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि इंडोनेशिया में कई स्थानों और नामों की जड़ें संस्कृत में हैं, और वहां की संस्कृति पर भारतीय सभ्यता की छाप आज भी दिखती है। उनका मानना है कि यह केवल सांस्कृतिक या ऐतिहासिक संबंध नहीं, बल्कि आनुवंशिकता का भी हिस्सा है। यह बयान दोनों देशों के संबंधों को और प्रगाढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण संकेत है और साझा इतिहास की गौरवशाली विरासत को रेखांकित करता है।
पीएम मोदी की लीडरशिप प्रेरणादायक: इंडोनेशियाई राष्ट्रपति
इंडोनेशियाई राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने भारत के गरीबी उन्मूलन प्रयासों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लीडरशिप कीसराहना की। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की योजनाएं, हाशिए पर पड़े समाज के कमजोर वर्गों के लिए की गई पहल और उनकी प्रतिबद्धता बेहद प्रेरणादायक हैं। प्रबोवो ने माना कि भारत के अनुभव से सीखना इंडोनेशिया के लिए मूल्यवान हो सकता है। उन्होंने कहा, “मैं पेशेवर राजनेता नहीं हूं, लेकिन अपने दिल की बात कहता हूं। भारत से मुझे बहुत कुछ सीखने को मिला है।”

हैदराबाद हाउस में पीएम मोदी और प्रबोवो की बैठक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के हैदराबाद हाउस में इंडोनेशियाई राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। पीएम मोदी ने याद दिलाया कि गणतंत्र दिवस पर मुख्य अतिथि बनने वाला पहला देश इंडोनेशिया था। उन्होंने कहा, “यह हमारे लिए गर्व की बात है कि जब हम गणतंत्र के 75 साल मना रहे हैं, तो इंडोनेशिया इस ऐतिहासिक अवसर का हिस्सा है।” दोनों नेताओं ने भारत और इंडोनेशिया के बीच रणनीतिक और सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत करने के लिए चर्चा की।
राष्ट्रपति भवन में हुआ स्वागत
इंडोनेशियाई राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो का राष्ट्रपति भवन में गार्ड ऑफ ऑनर के साथ भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर उन्होंने भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। यह समारोह दोनों देशों के मजबूत रिश्तों का प्रतीक रहा, जिसमें प्रबोवो का गर्मजोशी से स्वागत किया गया।



