
इजरायल-हमास के बीच सीजफायर की खबर दुनिया के लिए सुकून देने वाली खबर रही। हर तरफ खुशी का माहौल है, लोग जश्न मना रहे हैं। इस तरह से मिडिल ईस्ट में एक बड़े युद्ध का अंत हो गया। खुद बेंजामिन नेतन्याहू ने डोनाल्ड ट्रंप और जो बाइडन को इस समझौते के लिए धन्यवाद भी दिया। खुद कतर के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुल रहमान अल सानी ने दोहा में गाजा सीजफायर की घोषणा की थी। दोहा में इजरायल और हमास दोनों के बीच कई सप्ताह तक बातचीत हुई थी। अब दोनों के बीच संघर्ष विराम समझौता रविवार से लागू होना है।
अब ख़बर पढ़ें विस्तार से
हमास और इजराइल के बीच युद्धविराम समझौता रविवार सुबह 8.30 बजे से लागू हो जाएगा। कतर के विदेश मंत्रालय ने शनिवार को यह जानकारी दी। इससे पहले, कतर के विदेश मंत्रालय ने इजराइल और हमास के बीच युद्धविराम रविवार सुबह साढ़े छह बजे से प्रभावी होने की बात कही थी। कतर के विदेश मंत्री माजिद अल-अंसारी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में बताया, ‘‘युद्धविराम समझौता रविवार को सुबह 8:30 बजे से लागू हो जाएगा।’’ उन्होंने लोगों को सावधानी बरतने व अधिकारियों के निर्देशों की प्रतीक्षा करने की सलाह दी।
इजराइली मंत्रिमंडल ने शनिवार सुबह गाजा में युद्ध विराम समझौते को मंजूरी दे दी। इस समझौते के लागू होने के बाद दर्जनों बंधकों को रिहा किया जा सकेगा और हमास के साथ 15 महीने से जारी युद्ध पर लगाम लगेगी। युद्धविराम की खबर के बावजूद शनिवार को पूरे मध्य इजराइल में सायरन बजने लगे और सेना ने बताया कि उसने यमन से दागी गयी मिसाइलों को रोक दिया।


