बिहार चुनावी रण में सीएम मोहन यादव का कांग्रेस पर प्रहार — कहा, नीतीश कुमार ने सुशासन से राज्य को नई दिशा दी, जबकि कांग्रेस ने देश को ‘लाइसेंस-कोटा राज’ में जकड़ा था।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने गुरुवार को बिहार के विक्रम विधानसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एनडीए सरकार में सुशासन के सिद्धांतों से राज्य को विकास की नई दिशा दी है। उन्होंने कहा कि बिहार गौतम बुद्ध की धरती है, जिसने हमेशा सत्य और न्याय का मार्ग दिखाया है।
कांग्रेस पर वार, लोकतंत्र की रक्षा की बात
मोहन यादव ने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में देश ‘लाइसेंस, कोटा और परमिट राज’ में जकड़ा रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने युवाओं की योग्यता का गला घोंटा और बिहार को बर्बाद कर बाद में ‘लालटेन’ पकड़ा दी। लोकनायक जयप्रकाश नारायण को याद करते हुए उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा हमारी जिम्मेदारी है — एनडीए में एक चाय बेचने वाला भी प्रधानमंत्री बन सकता है, क्योंकि यहां सच्चा लोकतंत्र है।
कांग्रेस को बताया परिवारवादी पार्टी
बिहार चुनावी माहौल के बीच मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “लाल किताब वाले को बुद्धि का ही पता नहीं चलता, भाषा और भाव का ज्ञान नहीं है।” यादव ने कहा कि राहुल गांधी बार-बार सुप्रीम कोर्ट में माफी मांगते हैं, लेकिन सुधारने को तैयार नहीं हैं। उन्होंने कांग्रेस को परिवारवादी पार्टी बताते हुए कहा कि यही पार्टी देश की प्रगति में सबसे बड़ी बाधा रही है।
मोदी सरकार की उपलब्धियों का बखान
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की आर्थिक व्यवस्था में क्रांतिकारी बदलाव आया है। गरीबों को 5 लाख रुपए तक का मुफ्त इलाज मिल रहा है और भारत की साख वैश्विक मंच पर बढ़ी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने भगवान श्रीराम के अस्तित्व पर भी सवाल उठाए थे, जबकि सुप्रीम कोर्ट ने अयोध्या में श्रीराम मंदिर का रास्ता साफ कर दिया है — अब बारी मथुरा की है, जहां यमुना किनारे कन्हैया मुस्कुराएंगे। यादव ने विश्वास जताया कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में एक बार फिर एनडीए की सरकार बनेगी।


