उज्जैन में किसानों ने CM डॉ. मोहन यादव का स्वागत किया, उन्होंने भावांतर योजना की शुरुआत की और स्वदेशी मेले में खादी खरीदकर प्रदर्शनी की सराहना की।

रविवार को उज्जैन पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का किसानों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। पुलिस लाइन हैलीपेड पर किसानों ने पुष्पमालाओं और पुष्पवर्षा से उनका अभिनंदन किया। इस मौके पर किसान “सोयाबीन भावांतर के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद” लिखी तख्तियां लेकर पहुंचे और योजना शुरू करने पर आभार जताया।
किसान-हित हमारी पहली प्राथमिकता: CM
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार पूरी तरह किसान-हितैषी है और किसानों के कल्याण के लिए धन की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने बताया कि सोयाबीन उत्पादक किसानों को उपज का वाजिब दाम दिलाने के लिए भावांतर योजना लागू की गई है। इससे उन किसानों को सीधा लाभ मिलेगा जिन्हें समर्थन मूल्य से कम दर पर फसल बेचनी पड़ी है।
किसानों को होगा पूरा लाभ
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि जिन किसानों को समर्थन मूल्य से कम दर पर उपज बेचनी पड़ी है, उन्हें अंतर की राशि राज्य सरकार उपलब्ध कराएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसानों को किसी भी प्रकार का नुकसान नहीं होने दिया जाएगा।
स्वदेशी उत्पादों को किया प्रोत्साहित
भारतीय ज्ञानपीठ परिसर में आयोजित स्वदेशी मेला-प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने खादी के कुर्ते का कपड़ा खरीदा और मोबाइल वॉलेट से भुगतान किया। उन्होंने प्रदर्शनी की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी प्रदर्शनियां प्रदेशभर में लगाई जानी चाहिए, ताकि लोग स्वदेशी अभियान से जुड़ें और स्वदेशी उत्पादों का लाभ उठा सकें।


