PM मोदी 8वीं बार जापान पहुंचे, टोक्यो में गायत्री मंत्र से स्वागत और होटल में प्रवासी भारतीयों से मुलाकात की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार सुबह दो दिन के दौरे पर जापान पहुंचे। बतौर प्रधानमंत्री यह उनकी आठवीं जापान यात्रा है। टोक्यो के होटल में स्थानीय कलाकारों ने उनका गायत्री मंत्र से स्वागत किया। इस दौरान पीएम मोदी ने प्रवासी भारतीयों से मुलाकात कर उन्हें भारत-जापान रिश्तों की मजबूती में उनकी भूमिका के लिए सराहा।
भारत-जापान वार्षिक समिट में शामिल होंगे मोदी
मोदी इस बार 15वें भारत-जापान वार्षिक सम्मेलन में हिस्सा लेंगे, जिसमें रणनीतिक और आर्थिक साझेदारी को मजबूत बनाने पर चर्चा होगी। वे जापानी प्रधानमंत्री शिगेरु इशिबा से द्विपक्षीय वार्ता करेंगे और अब तक हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे। इससे पहले मोदी 2018 में सालाना समिट के लिए जापान गए थे। इस बार की यात्रा को दोनों देशों की “खास रणनीतिक और ग्लोबल साझेदारी” को नई दिशा देने वाला कदम माना जा रहा है।
सुरक्षा, रक्षा और व्यापार पर होगी अहम चर्चा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज जापानी प्रधानमंत्री शिगेरु इशिबा के साथ वार्षिक सम्मेलन में सुरक्षा, रक्षा, व्यापार और तकनीक जैसे अहम मुद्दों पर बातचीत करेंगे। बैठक के बाद दोनों नेताओं के बीच डिनर भी होगा। 30 अगस्त को मोदी जापान के मियागी स्थित उस फैक्ट्री का दौरा करेंगे, जहां बुलेट ट्रेन के कोच बनाए जाते हैं। यह दौरा भारत-जापान संबंधों को नई रणनीतिक मजबूती देने वाला माना जा रहा है।
भारत में 5.9 लाख करोड़ निवेश करेगा जापान
जापानी मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, टोक्यो भारत में 10 ट्रिलियन येन (करीब ₹5.93 लाख करोड़) के निवेश की घोषणा कर सकता है। यह निवेश अगले 10 सालों में इन्फ्रास्ट्रक्चर, सेमीकंडक्टर, ग्रीन एनर्जी, फार्मा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और महत्वपूर्ण खनिजों जैसे क्षेत्रों पर केंद्रित होगा। अधिकारियों का मानना है कि इस निवेश से भारत में लाखों रोजगार के अवसर पैदा होंगे और जापान को भी एक विशाल नया बाजार मिलेगा।


