सीएम मोहन यादव बोले– प्रदेश में शिक्षा से स्वास्थ्य तक लक्ष्यबद्ध विकास, सवा साल में 10 नए मेडिकल कॉलेज शुरू

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और प्रतिबद्धता से देश ने विकास की नई गति प्राप्त की है। पिछड़े जिलों और विकासखंडों को आकांक्षी रूप में चिन्हित कर उनके सर्वांगीण विकास के लिए समन्वित प्रयास करना, इस दिशा में एक प्रभावी कदम है। सम्पूर्णता अभियान के तहत स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, आधारभूत संरचना और सुशासन में आए सकारात्मक परिवर्तन इसका सशक्त उदाहरण हैं।
सम्पूर्णता अभियान बना बदलाव का प्रतीक
सीएम यादव ने कहा कि अभियान से गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य परीक्षण, पोषक आहार उपलब्धता, बच्चों के टीकाकरण, मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरण, स्कूलों में बिजली और समय पर पाठ्य पुस्तक वितरण जैसी गतिविधियों में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। राज्य स्तरीय सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले आकांक्षी जिलों और विकासखंडों के अधिकारियों को उनकी टीम सहित सम्मानित किया।
राज्य नीति आयोग की कॉफी टेबल बुक का विमोचन
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्य नीति आयोग द्वारा प्रदेश में संचालित विकास गतिविधियों और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों पर आधारित कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया। इस अवसर पर विभिन्न मंत्रियों, वरिष्ठ अधिकारियों और नीति आयोग भारत सरकार के प्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की। सीएम ने कहा कि सिंचाई का रकबा बढ़ाने, मत्स्य पालन को प्रोत्साहन देने और निवेश-उद्योग को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार लगातार कार्य कर रही है। बेहतर काम करने वाले अधिकारियों को सम्मानित किया जाएगा, जबकि लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सम्पूर्णता अभियान ने बदली कार्यसंस्कृति
मुख्य सचिव अनुराग जैन ने कहा कि सम्पूर्णता अभियान ने शासन-प्रशासन की कार्य संस्कृति को नई दिशा दी है। डेटा आधारित मूल्यांकन, स्कोरिंग प्रणाली और पारदर्शिता से प्रशासनिक दक्षता और जनसेवा की गुणवत्ता में सुधार हुआ है। नीति आयोग के सदस्यों ने भी माना कि स्थानीय प्रशासन और समुदाय की सक्रिय भागीदारी से यह कार्यक्रम अन्य राज्यों के लिए एक मिसाल बन गया है। सम्मान समारोह में आकांक्षी जिलों और विकासखंडों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कलेक्टरों और जिला स्तरीय टीमों को सम्मानित किया गया।


