15 अगस्त को अलास्का में ट्रम्प-पुतिन की मुलाकात, यूक्रेन युद्ध खत्म करने पर होगी चर्चा; दोनों नेता आखिरी बार 2021 में मिले थे।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प 15 अगस्त को अलास्का में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मिलेंगे। ट्रम्प ने शुक्रवार देर रात सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी और कहा कि बैठक से जुड़ी अन्य जानकारियां जल्द साझा की जाएंगी। उन्होंने पहले भी संकेत दिया था कि वह पुतिन से मिलकर यूक्रेन युद्ध खत्म करने पर बातचीत करना चाहते हैं। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लीविट ने बताया था कि रूस ने ट्रम्प से मुलाकात की इच्छा जताई है और ट्रम्प पुतिन व यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की दोनों से मिलने को तैयार हैं।
2021 के बाद पहली अमेरिका-रूस शिखर बैठक
अमेरिका और रूस के राष्ट्रपति आखिरी बार जून 2021 में मिले थे, जब तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन और पुतिन ने जिनेवा में वार्ता की थी। तीन साल बाद होने वाली यह बैठक अंतरराष्ट्रीय राजनीति में अहम मानी जा रही है, क्योंकि यह सीधे तौर पर यूक्रेन संघर्ष की दिशा और वैश्विक सुरक्षा माहौल को प्रभावित कर सकती है।
ट्रम्प-पुतिन के बीच अब तक चार दौर की बातचीत
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प अब तक चार बार रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बातचीत कर चुके हैं। 12 फरवरी 2025 को दोनों नेताओं ने यूक्रेन युद्ध खत्म करने पर चर्चा की थी, इसके बाद 18 मार्च को युद्धविराम और शांति पर बात हुई। 19 मई को दो घंटे से अधिक लंबी वार्ता में युद्ध समेत कई मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया, जबकि 4 जून को यूक्रेन और ईरान पर एक घंटे की बातचीत हुई। इन बैठकों का केंद्र बिंदु यूक्रेन संघर्ष का समाधान ही रहा है।
रूस हवाई हमले रोकने का दे सकता है अस्थाई प्रस्ताव
रिपोर्ट्स के अनुसार रूस, हवाई हमले रोकने के लिए एक अस्थाई प्रस्ताव पेश कर सकता है, जिसे बेलारूस के राष्ट्रपति लुकाशेंको ने पिछले हफ्ते पुतिन के सामने रखा था। हालांकि यह पूर्ण युद्धविराम नहीं होगा, लेकिन दोनों पक्षों के लिए राहत साबित हो सकता है। इस बीच, मई के बाद रूस ने यूक्रेन पर सबसे भारी हवाई हमले किए हैं, जिनमें सिर्फ कीव में 72 लोगों की मौत हुई। ट्रम्प ने इन हमलों को “घिनौना” बताया, जबकि यूक्रेन ने भी रूसी तेल रिफाइनरियों और डिपो पर हमले जारी रखे हैं।


