देशभर में आज गणेश विसर्जन, मुंबई में 1.80 लाख मूर्तियों के विसर्जन पर AI से भीड़ कंट्रोल और 21 हजार जवानों की तैनाती।

अनंत चतुर्दशी पर आज देशभर में गणेश विसर्जन होगा। मुंबई में इस मौके पर विशेष तैयारी की गई है, जहां करीब 1.80 लाख से ज्यादा मूर्तियों का विसर्जन किया जाएगा। इनमें 6,500 गणेश पंडालों की मूर्तियां और लगभग 1.75 लाख घरेलू मूर्तियां शामिल हैं। इन्हें शहर के समुद्री तटों, जलाशयों और 205 कृत्रिम झीलों में विसर्जित किया जाएगा।
AI से भीड़ कंट्रोल और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मुंबई पुलिस ने 21,000 जवानों की तैनाती की है। इस बार पहली बार रूट मैनेजमेंट और भीड़ नियंत्रण के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल किया जाएगा। गिरगांव चौपाटी पर AI बेस्ड कंट्रोल रूम बनाया गया है। प्रमुख गणपति मंडलों को क्यूआर कोड और जुलूस वाहनों के लिए विशेष स्टिकर जारी किए गए हैं, ताकि पुलिस रियल टाइम में वाहनों की पहचान कर ट्रैफिक और भीड़ को मैनेज कर सके।
मुंबई में विसर्जन के खास इंतजाम
गणेश विसर्जन को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए मुंबई में बड़े पैमाने पर व्यवस्थाएं की गई हैं। समुद्र तटों पर 1,175 स्टील प्लेटें लगाई गई हैं, ताकि मूर्तियों को ले जाने वाले वाहन रेत में न फंसें। बड़ी मूर्तियों के लिए 50 जर्मन राफ्ट की व्यवस्था की गई है। शहरभर में 245 कंट्रोल रूम और 42 क्रेन तैनात किए गए हैं। वहीं, जलाशयों और कृत्रिम झीलों पर 2,178 लाइफगार्ड और 56 मोटरबोट बचाव व राहत कार्य के लिए तैनात रहेंगे।
हैदराबाद में दो लाख मूर्तियों का विसर्जन
मुंबई के साथ-साथ हैदराबाद में भी गणेश विसर्जन की बड़ी तैयारियां की गई हैं। यहां करीब दो लाख गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन होगा। सुरक्षा व्यवस्था के लिए 50 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। हैदराबाद के पुलिस कमिश्नर सीवी आनंद ने बताया कि शनिवार को होने वाला अंतिम विसर्जन लगभग 40 घंटे तक चलेगा और इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।


